Uttarakhand Panchayat Election: नैनीताल जिले में निर्दलीयों और बागियों का बोलबाला, BJP-कांग्रेस का सूपड़ा साफ
इस पंचायत चुनाव में भाजपा को केवल चार सीटें मिली हैं। चार भाजपा के बागी जीते हैं जबकि कांग्रेस को दो सीटों पर संतोष व्यक्त करना पड़ा है। शेष सीटों में निर्दलीय और बागियों ने परचम लहराया है।
विस्तार
जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। इस चुनाव में भाजपा को केवल चार सीटें मिली हैं। चार भाजपा के बागी जीते हैं जबकि कांग्रेस को दो सीटों पर संतोष व्यक्त करना पड़ा है। शेष सीटों में निर्दलीय और बागियों ने परचम लहराया है। घोषित परिणामों के मुताबिक रामड़ी आन सिंह सीट भाजपा के बागी प्रमोद बोरा की पत्नी छवि कांडपाल बोरा जीती हैं उन्हें 9118 वोट मिले हैं। छवि ने निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया को 2380 वोट से हराया। बेला को 6738 वोट मिले। दीनी तल्ली सीट से कांग्रेसी नेता गोपाल सिंह बिष्ट की पत्नी पूनम बिष्ट चुनाव जीती हैं। उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीवन बर्गली को हराकर जीत दर्ज की है। पूनम को 2057 और जीवन को 1734 वोट मिले।
धारी ब्लॉक की चौखुटा जिला पंचायत सीट से निर्दलीय प्रत्याशी दीप सिंह बिष्ट ने भाजपा समर्थित गौरव बिष्ट को हराया। दीप को 2232 व गौरव को 1559 वोट मिले। चोरगलिया आमखेड़ा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी लीला बिष्ट ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनिता बेलवाल को हराया। लीला को 9683 व अनिता को 5788 वोट मिले। चापड़ में निर्दलीय प्रत्याशी तरुण शर्मा ने दोबारा हुई गिनती में चार मतों से निर्दलीय प्रत्याशी नंद किशोर को हराया। तरुण को 1995 वोट मिले।
ढोलीगांव सीट से भाजपा समर्थित बहादुर सिंह नगदली ने जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय योगराज को हराया। बहादुर को 1805 और योगराज को 1785 वोट मिले। सरना से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रेखा देवी चुनाव जीती हैं। उन्होंने सुनीता देवी को हराया। रेखा को 3091 और सुनीता को 2665 वोट मिले। देवलचौड़ बंदोबस्ती सीट से भाजपा समर्थित प्रत्याशी दीपा दरम्वाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 9537 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी किरन नेगी को हराया। किरन को 5043 वोट मिले।
मल्ला ओखलकांडा से निर्दलीय प्रत्याशी प्रमोद कोटलिया ने जीत दर्ज की, उन्हें 3712 वोट मिले। उन्होंने भाजपा समर्थित हेम चंद्र सुयाल को हराया। ककोड़ से निर्दलीय प्रत्याशी डिगर मेवाड़ी जीते उन्हें 2565 वोट मिले। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी आलम सिंह नदगली को हराया। बड़ौन में निर्दलीय प्रत्याशी मीना चिलवाल (3999 वोट) ने निर्दलीय सीमा ढोलगाई को शिकस्त दी। रामगढ़ की गहना सीट से भाजपा समर्थित ज्योति आर्या जीती। उन्हें 3353 वोट मिले। दाड़िमा सीट से निर्दलीय निधि जोशी (3067 वोट) ने जीत दर्ज की है। सूपी से निर्दलीय पुष्पा नेगी (3062 वोट) ने अनीता को हराया।
मेहरागांव जिला पंचायत सीट से कांग्रेस के जीशांत कुमार ने भाजपा समर्थित पूर्व ब्लॉक प्रमुख अंबादत्त आर्या को हराया। जीशांत को 4194 और अंबा आर्या को 2463 वोट मिले। ज्योलीकोट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी देवकी बिष्ट ने भाजपा समर्थित आशा गिरी को हराया। अमृतपुर सीट में निर्दलीय प्रत्याशी हेमा भट्ट ने निर्दलीय सीमा गौनी को पराजित किया। हेमा भट्ट को 5026 वोट मिले जबकि सीमा गौनी को 2509 और तीसरे स्थान पर रही भाजपा समर्थित प्रत्याशी भावना रजवार को 1333 मतों से संतोष व्यक्त करना पड़ा।
सिमलखां में निर्दलीय प्रत्याशी संजय बोरा ने 142 मतों से निर्दलीय प्रत्याशी कृपाल सिंह रौतेला को हराया। यहां भाजपा समर्थित आनंद सिंह जलाल तीसरे स्थान पर रहे। कोटाबाग ब्लॉक से तलिया जिला पंचायत सीट से कांग्रेस समर्थित हेमचंद्र नैनवाल जीते। उन्होंने भाजपा समर्थित खुशहाल सिंह बिष्ट को हराया। गैबुआ पत्तापानी से अरनव कंबोज जीते। बेतालघाट के भवाली गांव से जिला पंचायत सदस्य पद पर निर्दलीय प्रत्याशी यशपाल आर्य ने भाजपा समर्थित रोहित आर्या को हराया। जग्गीबंगर जिला पंचायत सीट पर दीपा चंदोला ने किरन जोशी को सात हजार से अधिक मतों से पराजित किया। रामनगर की चिल्किया सीट से सीता सैनी ने जीत दर्ज की। सांवल्दे सीट से दीप और मालधन से सोमवीर आगे चल रहे हैं।