Haldwani News: टीम ने वर्कशॉप लाइन में चार टिनशेड तोड़े, विरोध में फड़-ठेली वालों ने कोतवाली में किया प्रदर्शन
टीम ने वर्कशॉप लाइन में चार टिनशेड तोड़े, विरोध में फड़-ठेली वालों ने कोतवाली में किया प्रदर्शन
विस्तार
अतिक्रमणकारियों से नगर निगम की टीम ने 10 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। पुलिस ने पुलिस एक्ट में 25 चालान भी काटे। गिरफ्तारी को लेकर फड़-ठेली वालों ने कोतवाली में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने समिति अध्यक्ष को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जहां से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
कमिश्नर दीपक रावत के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह नगर निगम और पुलिस के साथ वर्कशॉप लाइन पहुंची। यहां पांच ठेले वालों ने ठेले के उपर टिनशेड बना दिए थे। जेसीबी से इन्हें तोड़ दिया गया। इसकी सूचना जैसे ही समिति अध्यक्ष प्रमोद अग्निहोत्री को लगी तो वह फड़ ठेले वालों के साथ पहुंचे।
उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। कहा कि नगर निगम ने इसे वेंडर जोन घोषित किया है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को अवैध बताया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस अग्निहोत्री को पकड़कर कोतवाली ले आई। इसके बाद ठेले और मैकेनिक का सामान जब्त करना शुरू कर दिया गया।
जैसे ही ये बात फड़ और ठेली वालों को लगी तो वे कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर शाम मजिस्ट्रेट के सामने अग्निहोत्री को पेश किया गया यहां से उन्हें जमानत मिल गई। अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, कोतवाल हरेंद्र चौधरी सहित पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
एसबीआई नहर कवरिंग क्षेत्र से हटेगा अतिक्रमण
राजस्व, सिंचाई और लोनिवि के अधिकारियों ने एसबीआई के पास नहर कवरिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान की गई नपाई का लोगों ने विरोध किया। विरोध के बीच राजस्व व सिंचाई विभाग ने 15 अतिक्रमण चिह्नित कर निशान भी लगाए। एसबीआई के पास नहर कवरिंग क्षेत्र में सड़क बननी है। लोगों का आरोप है कि बारिश के पानी की निकासी नहीं होने के कारण उनके घर में पानी भर रहा है। इसके बाद डीएम ने संयुक्त निरीक्षण के आदेश दिए थे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि सड़क बनाने से पहले पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जानी है लेकिन नाली की जगह में अतिक्रमण है। ये सिंचाई और राजस्व को चिह्नित करना है। इसके बाद राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नपाई शुरू की तो लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के बीच टीम ने 15 अतिक्रमण चिह्नित किए। संबंधित रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।