अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान : दुकानों के बाहर फैलाया दो ट्राॅली सामान जब्त, व्यापारियों ने किया विरोध
हल्द्वानी में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र और कालाढूंगी रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया, जिस पर व्यापारियों ने विरोध जताया।
विस्तार
हल्द्वानी में प्रशासन और नगर निगम की टीम ने बाजार क्षेत्र और कालाढूंगी रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 20 से अधिक दुकानों के बाहर रखे काउंटर, बेंच आदि सामान जब्त कर लिया। व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन कार्रवाई जारी रही।
सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल साह व निगम के लेखाधिकारी गणेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने बुधवार की शाम सदर बाजार, कारखाना बाजार और कालाढूंगी रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने दुकानों के बाहर फैलाए गए सामान लगाने पर एतराज जताया। टीम ने दो ट्राॅली सामान जब्त किया। अचानक चले अभियान से व्यापारियों में खलबली रही। कई दुकानदार टीम के पहुंचने से पहले ही सामान हटाते नजर आए। टीम में सफाई निरीक्षक अमोल असवाल भी शामिल रहे।
पॉलीथिन मिलने पर 10 हजार का चालान काटा
कारखाना बाजार में टीम गुड़ की दुकान में गई तो वहां से पॉलीथिन बरामद हुई। इस पर दुकानदार जितेंद्र का 10 हजार रुपये का चालान काटा गया। इसके अतिरिक्त गंदगी पाए जाने पर 4500 रुपये के चालान काटे गए।