काठगोदाम-ज्योलीकोट-डोलमार मार्ग की हालत खस्ता: सड़क कम...गड्ढे ज्यादा, डामर उखड़कर बनी नालियां, पढ़ें रिपोर्ट
काठगोदाम से ज्योलीकोट और डोलमार तक सड़क की हालत खस्ता है, कहीं डामर उखड़कर नालियां बन गई हैं तो कहीं गहरे गड्ढे हैं, जिससे स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और पर्यटकों को परेशानी हो रही है।
विस्तार
पहाड़ की राह पर सफर करना है तो संभलकर चलिए, क्योंकि काठगोदाम से ज्योलीकोट और डोलमार तक सड़क कम, गड्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं। कहीं डामर उखड़कर नालियों में तब्दील हो चुका है तो कहीं गहरे गड्ढे स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और पर्यटकों की परीक्षा ले रहे हैं। ऊपर से सड़क किनारे पड़े बोल्डर और भूस्खलन के निशान खतरे को और बढ़ा रहे हैं। हैरानी यह है कि मुख्यमंत्री के बरसात के बाद सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश भी इस मार्ग की तस्वीर नहीं बदल सके। अब राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी का कहना है कि सड़क पर नए सिरे से डामरीकरण कराया जाना है, लेकिन इसके लिए जरूरी बिटुमिन (कोलतार) उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सवाल है कि कोलतार मिलने तक यात्रियों को इन गड्ढों के बीच ही सफर करना पड़ेगा।
डामर उखड़ा तो बन गईं नालियां
अमर उजाला की टीम ने शुक्रवार को काठगोदाम से ज्योलीकोट तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान भुजियाघाट और डोलमार के बीच 58 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे पाए गए। कुछ गड्ढे इतने गहरे हैं कि बाइक के टायर उनमें फंस जाएं। जगह-जगह डामर उखड़ा हुआ है जिससे लंबी नालियां बन गई हैं।
खराब गुणवत्ता वाला पैचवर्क
सड़क पर कुछ स्थानों पर पैचवर्क किया गया है, लेकिन उसकी गुणवत्ता भी खराब है। पैचवर्क से निकली बजरी सड़क पर फैली हुई है, जो एक और समस्या पैदा कर रही है।
आपदा के निशान और भूस्खलन का खतरा
पिछली बरसात में डोलमार और उसके आसपास के क्षेत्रों में पहाड़ी से भूस्खलन हुआ था। विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया था, लेकिन भूस्खलन के निशान आज भी मौजूद हैं। गिरे हुए पेड़ों के ठूंठ भी सड़क किनारे पड़े हैं, जो खतरे को बढ़ा रहे हैं।
बोल्डर और धंसाव से बढ़ी मुश्किलें
काठगोदाम-ज्योलीकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह सड़क किनारे बोल्डर और पत्थर पड़े हैं जो पिछली बरसात के दौरान गिरे थे। विभाग की ओर से इन्हें न हटाए जाने से ये कभी भी हादसों का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा, खूपी गांव के पास सड़क कई जगहों पर धंस रही है जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। धंसाव को रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
नेताओं का खुद के प्रचार पर जोर
काठगोदाम से ज्योलीकोट तक सड़क किनारे लगे बिजली के हर खंभे पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के होर्डिंग्स लगे हुए हैं, यह वही नेता हैं जो आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी अपनी पार्टी से टिकट के दावेदार हैं। इन नेताओं ने सड़क की दुर्दशा पर ध्यान देने के बजाय अपने प्रचार पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद काठगोदाम से ज्योलीकोट तक पैचवर्क कराया गया था। उसके बाद कुछ जगह नए पैच बन गए हैं। सड़क की स्थिति ऐसी नहीं है कि वह पैचवर्क टिक सके, इसलिए इस मार्ग पर नए सिरे से डामरीकरण कराने की योजना है। अभी बिटुमिन उपलब्ध नहीं हो रहा है। जैसे ही बिटुमिन उपलब्ध हो जाएगा तुरंत ही डामरीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा।
- महेंद्र कुमार, ईई राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग
