हल्द्वानी में बाइक-स्कूटी की भीषण टक्कर: उड़े परखचे, दोनों चालक गंभीर घायल; बरेली रोड पर लगा जाम
बरेली रोड पर देर रात बाइक-स्कूटी की भीषण टक्कर में दोनों चालक गंभीर घायल हुए। पुलिस ने वाहन हटाकर जाम खुलवाया; अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।
विस्तार
कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के बरेली रोड पर 26 अक्तूबर की देर रात बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखचे उड़ गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इस दौरान बरेली रोड पर जाम की स्थिति भी पैदा हो गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था सुचारु करके सामान्य किया।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।