हल्द्वानी: कस्टम अधिकारी बनकर महिला से 8.60 लाख रुपये की साइबर ठगी, घर पर पुलिस भेजने का दिखाया डर
काठगोदाम निवासी महिला को कस्टम अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने कॉल किया और पुलिस भेजने व अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छह बार में 8.60 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए; महिला की तहरीर पर 27 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला को कस्टम अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने कॉल की। घर पर पुलिस भेजने और रुपये न देने पर एआई से एडिट कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। ठगों ने छह बार में 8.60 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने 27 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि 22 अक्तूबर को उनका मोबाइल हैक हो गया था। इसके बाद उनके पास तीन नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आई। बात करने वाले व्यक्तियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताया और घर पर पुलिस भेजने का डर दिखाया। इसके बाद रुपयों की डिमांड शुरू की। रुपये न भेजने पर एआई से अश्लील वीडियो तैयार कर रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी। दबाव में आकर उन्होंने पहली बार 1.20 लाख रुपये, दूसरी बार तीन लाख, फिर एक लाख, 1.50 लाख, चौथी और पांचवीं बार में एक-एक लाख रुपये और अंतिम बार में 90 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। 27 अक्तूबर को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
मामले की जांच साइबर सेल की टीम कर रही है। कुछ रकम ऑनलाइन और कुछ चेक के माध्यम से ट्रांसफर कराई गई है। जिन खातों में रकम भेजी गई है उन्हें फ्रीज करा दिया गया है।
-डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम