हल्द्वानी: बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर 1.50 लाख का लोन लिया, महिला और ज्वेलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
हल्द्वानी के मंगल पड़ाव स्थित बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर 1.50 लाख रुपये का लोन लेने के मामले में महिला सोनम और ज्वेलर प्रदीप कुमार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के मंगल पड़ाव स्थित बैंक से नकली सोना गिरवी रखकर 1.50 लाख रुपये का गोल्ड लोन का मामला सामने आया है। पुलिस ने बैंक अधिकारी महेंद्र तनेजा की तहरीर पर बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की रहने वाली सोनम और बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार के खिलाफ 23 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है।
दर्ज मामले में महेंद्र तनेजा ने बताया कि सोनम ने पांच मई 2022 को बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। सोने का मूल्यांकन बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार ने किया था। लोन की किस्तों का भुगतान न होने पर खाता गैर निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) कर दिया गया। इसके बाद बैंक ने तीन मई 2023 को नोटिस जारी किया। जब सोने की दोबारा जांच कराई तब वह नकली निकला। 12 जून 2025 को पुलिस से शिकायत की और 24 जून 2025 को एसएसपी कार्यालय में भी तहरीर दी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। तब कोर्ट का रुख किया।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब जाकर प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है। नोटिस भेजने की कार्रवाई कर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।