भवाली: 15 लाख के जेवर चोरी का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
भवाली कोतवाली पुलिस ने 15 लाख रुपये से अधिक के जेवर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 तोला सोना बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
विस्तार
भवाली कोतवाली पुलिस ने 15 लाख रुपये से अधिक के जेवर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 12 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने बताया कि गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी उमा लटवाल ने अपने घर से सोने के जेवर चोरी होने की तहरीर भवाली कोतवाली में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने जितेंद्र सिंह लटवाल पुत्र पूरन सिंह लटवाल, निवासी गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी झुमके, एक नथ, एक गोलबंद, एक मांग टीका और एक अंगूठी सहित करीब 12 तोला सोना बरामद किया गया। बरामद जेवरों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसएसआई आसिफ खान, एसआई अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र और नरेंद्र मेहता शामिल रहे।