घर में सो रहे थे पिता-पुत्र: डकैतों ने बोला धावा, दोनों को बंधक बनाकर पीटा, लाखों के जेवर और नगदी लेकर भागे
काशीपुर में मंगलवार की देर रात दड़ियाल रोड पर स्थित स्कूल संचालक यशपाल सिंह चौहान के घर में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती कर दी। बदमाशों की संख्या 8 बताई जा रही हैं।
विस्तार
काशीपुर में बेखौफ चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। काशीपुर में सोमवार की रात रामनगर रोड पर एसबीआई का एटीएम उखाड़ ले जाने की घटना के मामले में पुलिस अभी अपराधियों की तलाश कर ही रही है कि बीती रात दड़ियाल रोड पर स्थित स्कूल संचालक यशपाल सिंह चौहान के घर में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती कर दी। बदमाशों की संख्या 8 बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश बदमाश यशपाल सिंह चौहान के घर में घुस आए। घर पर यशपाल सिंह चौहान और उनका बेटा हिमांग सो रहे थे। बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर पीटा। बता दें कि, मकान में दो युवतियां बतौर किराएदार रहती हैं। शोर सुनकर उनकी आंख खुल गई, तो उन्होंने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया और फोन करके पड़ोसियों को जानकारी दी। जब तक पड़ोसी आए तब तक हथियार बंद नकाबपोश बदमाश लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूटकर फरार हो गए।
ये पढ़ें- उत्तराखंड में चोरों का आतंक: एटीएम को उखाड़कर साथ ले गए बदमाश, हरियाणा और राजस्थान में भी कर चुके वारदार
पड़ोसियों की सूचना पर एसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा सहित नगर कोतवाली और आईटीआई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। अभी तक डकैतों का कुछ पता नहीं चल पाया है। यशपाल सिंह चौहान का यूपी के रामपुर जिले में मूंगा देवी स्मृति हाई स्कूल के नाम से स्कूल है। उनकी पत्नी शिक्षिका है जो बीती रात घर पर नहीं थी। बताया गया कि वह गांव गई हुई थी। सूचना पाकर वे भी सुबह घर पहुंची।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि घटना को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। अपराधियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई है। बताया गया की 2 दिन पहले यशपाल सिंह चौहान के घर के पास ही एक घर में ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी कर ली गई थी।