{"_id":"68e34f3f6680651a9a0e3e9a","slug":"ten-shops-renting-out-land-in-front-of-their-shops-were-identified-and-challaned-in-haldwani-2025-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"उत्तराखंड में कार्रवाई: फुटपाथ की कमाई पर नगर निगम का कहर, दुकानों को चिह्नित कर किया चालान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उत्तराखंड में कार्रवाई: फुटपाथ की कमाई पर नगर निगम का कहर, दुकानों को चिह्नित कर किया चालान
Mon, 06 Oct 2025 10:40 AM IST
हीरा मेहरा
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
Published by: हीरा मेहरा
Updated Mon, 06 Oct 2025 10:40 AM IST
सार
हल्द्वानी शहर में दुकानदारों की ओर से अपने सामने की सड़क और फुटपाथ ₹300-500 रुपये प्रतिदिन के किराए पर दूसरे व्यापारियों को देने की घटना सामने आई है। इस अवैध कब्जे पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 10 दुकानदारों को चिह्नित कर जुर्माना लगाया है।
विज्ञापन
जुर्माना (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Adobe Graphics (अमर उजाला ग्राफिक्स)
विस्तार
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में अंधेरगर्दी का हाल यह है कि कारोबारियों ने अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ और सड़क को किराये पर दिया है। इन स्थानों के लिए प्रतिदिन तीन सौ से पांच सौ रुपये तक चुकाकर अन्य व्यक्ति व्यापार कर रहे थे। नगर निगम ने अभियान चलाकर ऐसे 10 दुकानदारों को चिह्नित कर उन पर जुर्माना लगाया है।
विज्ञापन
प्रशासन और नगर निगम की टीम ने रविवार को सदर बाजार, कारखाना बाजार, पटेल चौक, बेलपार्क क्षेत्र, बर्तन बाजार और नया बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। टीम की कार्रवाई के दौरान बाजार में खलबली मच गई। इस दौरान सड़क पर सामान सजाकर बैठे दुकानदार उसे समेटने लगे। मौके पर 50 से अधिक अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर रखे गए ठेले, खोमचे, टेबल, बैनर एवं अन्य सामग्री को जब्त किया गया। साथ ही सार्वजनिक शौचालय के समीप बने अवैध ढांचे को भी ध्वस्त किया गया।
विज्ञापन
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण या किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों की ओर से कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क चौड़ीकरण एवं जल निकासी जैसी सार्वजनिक परियोजनाओं में कोई बाधा न आए।
विज्ञापन
- ऋचा सिंह, नगर आयुक्त