रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में उपनल के माध्यम से नियुक्त स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (एसटीपीएफ) के सुरक्षाकर्मी वेतन नहीं मिलने पर धरने पर बैठ गए। कॉर्बेट निदेशक से वार्ता के बाद एसटीपीएफ कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
एसटीपीएफ कर्मचारियों ने बताया कि जनवरी 2020 से अब तक उन्हें प्रोत्साहन भत्ता नहीं मिला है। मार्च 2021 से अब तक मासिक मानदेय भी नहीं मिला है। इससे नाराज कर्मी सोमवार को कॉर्बेट कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। दोपहर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने धरने पर बैठे कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों से वेतन तुरंत खाते में डलवाने और प्रोत्साहन राशि 10 दिन के भीतर दिलवाने का आश्वासन दिया। इस पर कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। यहां नरेश पांडे, महेश सिंह, जगदीश चौधरी, तेजपाल सिंह, चंद्र दत्त बलौदी, श्याम कार्की, सतेंद्र सिंह, हर्षपाल सिंह, बलवंत सिंह, आनंद बिष्ट आदि रहे।