हल्द्वानी। खनन समिति की बैठक में डीएम सविन बंसल ने कहा कि घोड़ा, बुग्गी चालक सार्वजनिक और राजस्व भूमि पर भंडारण नहीं करेंगे। खनिज चोरी रोकने को गौला, नंधौर नदी की तर्ज पर ही दाबका एवं कोसी नदी से खनन में लगे वाहनों में आरएफआईडी चिप लगाई जाए। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के साथ ही यह चिप बताएगी कि खनन के लिए गया वाहन पंजीकरण वाला है या नहीं।
कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम बंसल ने कहा कि पिछले वर्ष उप खनिज ढुलान कार्य नहीं करने वाले वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा। नए वाहनों के पंजीकरण के लिए केवल वही व्यक्ति आवेदन करेगा, जिनके परिवार का कोई भी वाहन पहले से पंजीकृत न हो। 30 नवंबर तक खनन वाहनों की नवीनीकरण से जुड़ी प्रक्रिया पूरा नहीं कराने वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त माना जाएगा। डीएम ने गौला नदी के लिए सिटी मजिस्ट्रेट, डीएफओ, सीओ, एआरटीओ हल्द्वानी, नंधौर नदी में एसडीएम हल्द्वानी, डीएफओ, सीओ, एआरटीओ हल्द्वानी, कोसी और दाबका नदी में एसडीएम रामनगर, डीएफओ रामनगर, सीओ रामनगर, एआरटीओ रामनगर की समिति गठित करते हुए आवंटित नदियों के गेटों में वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया है। साथ ही एआरटीओ को अभियान चलाकर खनन वाहनों में रिफलेक्टर और बैक लाइट लगवाने की बात कही। डीएम ने सभी डीएलएम को निर्देश दिए कि उप खनिज ढुलान के लिए पंजीकरण के लिए रिक्त वाहनों की संख्या प्राथमिकता से जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में वन निगम के अधिकारियों ने बताया कि कोसी नदी में दो गेट पर कांटे लगाने का कार्य चल रहा है और अन्य दो गेटों पर खनन शनिवार से प्रारंभ कर दिया जाएगा। बैठक में वन, परिवहन, वन निगम, प्रशासन, पुलिस आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे।