चंपावत। राजस्थान के उदयपुर में टेलर की निर्मम हत्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों ने चंपावत बाजार में जुलूस निकाला। इस दौरान मीट-मांस, नाई और टेलर की दुकानों को भी बंद करवाया।
उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल ने चंपावत बाजार क्षेत्र में जमकर नारेबाजी की। जीआईसी गेट के पास से रोडवेज बस स्टेशन होते हुए खटकाना पुल तक दुकानों को बंद करवाया गया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की कुछ दुकानदारों से तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जबरन दुकानों को बंद करवाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि समाज को बांटने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मंगलवार को नाइयों की दुकानों के साथ ही मीट-मांस की दुकानों को अनिवार्य रूप से बंद रखने, महाशिवरात्रि, हनुमान जयंती, नवरात्र सहित अन्य धार्मिक पर्वों पर भी इन दुकानों को बंद करने की मांग उठाई है। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। मोटर स्टेशन में एसडीएम सदर अनिल चन्याल ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए किसी भी तरह से कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की। प्रदर्शन करने वालों में रमेश गिरि, मोहित पांडेय, विकास गिरि, हर्षित राय, सूरज प्रहरी, शैलेंद्र बोहरा, ललित देव, अनुज उप्रेती आदि शामिल रहे।