मजदूर के पास मिली 35 लाख की स्मैक: पुलिस ने किया गिरफ्तार, किच्छा से हल्द्वानी तक करता था सप्लाई
एसओटीएफ ने बुधवार देर रात गन्ना सेंटर से मोटाहल्दू जाने वाले मार्ग पर एक युवक को 116 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी यूपी के रामपुर स्थित चांदनी चौक घुड़दौड़ा का रहने वाला चंद्र प्रकाश है और हल्द्वानी में ही रहकर मजदूरी करता है।
विस्तार
आईजी की स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (एसओटीएफ) ने बुधवार देर रात गन्ना सेंटर से मोटाहल्दू जाने वाले मार्ग पर एक युवक को 116 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी यूपी के रामपुर स्थित चांदनी चौक घुड़दौड़ा का रहने वाला चंद्र प्रकाश है और हल्द्वानी में ही रहकर मजदूरी करता है।
आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने बताया कि एसओटीएफ देर रात चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सड़क किनारे अकेले खड़े व्यक्ति पर संदेह हुआ तब पूछताछ की गई। युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 116 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने किच्छा से खरीदकर हल्द्वानी में सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि करीब तीन-चार साल पहले आरोपी चंद्र प्रकाश को काठगोदाम पुलिस ने भी एनडीपीएस के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इधर, बृहस्पतिवार को हल्द्वानी कोतवाली में एओटीएफ की महिला दरोगा दीपा अधिकारी की तहरीर पर एनडीपीएस एक्ट में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पूछताछ के बाद आरोपी कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने किच्छा निवासी चमन सरदार से स्मैक खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। एसओटीएफ के अनुसार बरामद हुई स्मैक की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
