गरमपानी (नैनीताल)। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सोमवार को पिथौरागढ़ जाते समय भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काकड़ीघाट से क्वारब तक 10 किमी सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी के अधीक्षण अभियंता के बिना अनुमति अवकाश पर होने की सूचना पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। उन्होंन एसई से स्पष्टीकरण मांगा है।
कमिश्नर ने कहा कि आपदा के दृष्टिगत बिना अनुमति के अवकाश पर रहना शासन के आदेशों की अवहेलना है। कमिश्नर ने मार्ग में धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य वह अपनी निगरानी में कराएंगे। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए की अगले निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी सड़क के निर्माण स्थल पर मजदूरों के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी नहीं आने पर कार्यदायी संस्था का पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी।
उन्होंने खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग पर बन रहे टू लेन पुल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द पुल का काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार मनीषा बिष्ट, ईई विजय कुमार, एई जीके पांडे, जेई विनोद कुमार, जगत बोरा, अरविंद कुमार गुप्ता, रविंद्र, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)