हल्दूचौड़ (नैनीताल)। कांग्रेस की ओर से लालकुआं विधानसभा सीट से संध्या डालाकोटी को प्रत्याशी घोषित करते ही पार्टी में हलचल मच गई है। मंगलवार की सुबह पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के आवास पर महापंचायत हुई जिसमें सैकड़ों समर्थक जुटे। उन्होंने दुर्गापाल से कांग्रेस से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की मांग रखी।
सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी को लालकुआं विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया था जिससे दुर्गापाल के समर्थक नाराज हो गए। मंगलवार की प्रातः कई समर्थक हरीश चंद्र दुर्गापाल के हल्दुचौड़ स्थित आवास पर पहुंच गए। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुर्गापाल से निर्दलीय चुनाव लड़ने का निवेदन किया। करीब तीन घंटे तक चली महापंचायत में चोरगालिया, गौलापार, बरेली रोड, लालकुआं और बिंदुखत्ता से आए समर्थकों ने दुर्गापाल के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा देने का एलान किया। दुर्गापाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। समर्थकों की राय सर्वोपर्री है। इस दौरान वह कई बार भावुक हो गए।