Haldwani: बनभूलपुरा पहुंचे अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह, लोग बोले- हम अमन-चैन से रहना चाहते हैं
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा बुधवार को बनभूलपुरा में प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण को पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की, साथ ही कहा कि मजिस्ट्रेटी जांच हमें मंजूर नहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बुधवार को बनभूलपुरा हिंसा के दौरान आगजनी प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण को पहुंचे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा से स्थानीय लोगों ने घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की, साथ ही कहा कि मजिस्ट्रेटी जांच हमें मंजूर नहीं।
अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा, उपाध्यक्ष केरसी के. देबू और सदस्य रिंचन लहमो ने बुधवार शाम चार बजे मलिक के बगीचा पहुंचे। उन्होंने टूटे निर्माण स्थल और हिंसा की घटना के बारे में पूछा। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एपी वाजपेयी, एसडीएम पारितोष वर्मा और एसपी क्राइम हरबंस सिंह ने उन्हें घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया। जानकारी दी कि करीब दो एकड़ सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान आयोग ने घटनास्थल के सामने मौजूद घर में किसी से बात करने की इच्छा जाहिर की, तब पुलिसकर्मियों ने एक घर का दरवाजा खटखटाया। मगर घर में कोई पुरुष नहीं था जबकि महिलाओं ने बात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष इकबाल सिंह घटनास्थल से बाहर निकले। मगर सामने की कॉलोनी में लोगों को खड़ा देखकर इकबाल सिंह वहां की ओर जाने लगे। वहां पहुंचकर लोगों से उन्होंने बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी आदमी आगे नहीं आया। इस पर अधिकारी और पुलिसकर्मी लोगों को बुलाकर लाए। एक बुजुर्ग की आंखों में आंसू नजर आए और आवाज में भारीपन था। इकबाल सिंह ने उन्हें अपनी बात रखने को कहा तो बुजुर्ग ने कहा कि हम अमन-चैन से रहना चाहते हैं और जो आप करें, वह मंजूर है। इस बीच कुछ अन्य लोगों को पुलिसकर्मी बुलाकर आए। लोगों ने कहा कि जो हो गया उसे भूलकर आगे शांति और अमन से रहना चाहते हैं। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला भी उनसे मिली, लेकिन अपनी बात खुलकर नहीं रख सकी, बस शांति की अपील की।
महबूब आलम ने कहा कि शहर में ऐसी घटना पहली बार हुई है। अधिवक्ता मो. युसूफ ने बताया कि हल्द्वानी अमन और चैन के लिए जाना जाता है। उस दिन जो कुछ भी हुआ दुर्भाग्यपूर्ण है। जमीर अहमद ने कहा कि मजिस्ट्रेटी जांच के बजाय न्यायिक जांच की जाए। आयोग के अध्यक्ष लालपुरा ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि सबके साथ न्याय होगा।
बातें बहुत हैं दिलों में, जो इन्हें कहनी है और मुझे सुननी है : इकबाल
स्थानीय लोगों से बात करते समय आयोग अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा प्रशासन और पुलिस से घिरे लोगों के मन की बात को समझ गए। कहा कि यहां जो हुआ बहुत बुरा हुआ है, हम आपके दिल की बात सुनना चाहते हैं। इनके दिलों में बातें बहुत हैं, जो इन्हें कहनी है और हमको सुननी है, इसीलिए हम यहां आए हैं। कहा कि बुधवार सुबह 11 बजे सर्किट हाउस में मिलूंगा, जिसे भी अपनी बात रखनी है वह आ सकते हैं। अभी तक पुलिस और प्रशासन का पक्ष जाना है।
बनभूलपुरा थाना और घटनास्थल का किया निरीक्षण
इससे पूर्व आयोग ने बनभूलपुरा थाने का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि जिस समय थाने में आग लगाई गई थी, उस दौरान 11 सदस्यों का स्टाफ, तीन मजिस्ट्रेट अंदर मौजूद थे।