रामनगर। सोमवार तक हुई बारिश से कोसी नदी का जलस्तर अब भी बढ़ा हुआ है। इससे चुकुम के ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। गांव में एक बच्चे को मंगलवार को कुत्ते ने काट लिया और एक महिला पांच दिन से बीमार थी। दोनों को अस्पताल पहुंचाने के लिए राफ्ट की मदद लेनी पड़ी। अब दोनों का रामनगर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चुकुम गांव के पूर्व प्रधान जसीराम ने बताया कि कांति देवी (35) पत्नी लक्ष्मण सिंह पिछले पांच दिन से बीमार है। संजय सिंह (10) पुत्र बालम सिंह को मंगलवार को गांव में एक कुत्ते ने काट लिया था। दोनों को अस्पताल पहुंचाने के लिए विधायक प्रतिनिधि मदन जोशी ने कॉर्बेट पार्क निदेशक डॉ. धीरज पांडेय से हाथी से मरीजों को नदी पार कराने का आग्रह किया। बुधवार सुबह कॉर्बेट पार्क के ईको टूरिज्म के रेंजर संजय पांडेय ने नदी में हाथी को उतारा लेकिन तेज बहाव के कारण वह नदी पार नहीं कर पाया। बाद में राफ्ट चलाने वाले मनोहर सिंह ऐरी, विवेक कांडपाल, देवेन कुमार, अजय धामी, विनोद धामी, कमल डोगरा, कुंदन रावत, निक्कू, नवीन जोशी को बुलाया गया। फिर दोनों मरीजों को राफ्ट की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया।