हल्द्वानी। ग्राम्य विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले के अधिकारियों से निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्य ऐसे होने चाहिए कि भविष्य में किसी को नुकसान न पहुंचे।
मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने सूखी नदी और विजयनगर क्षेत्र का निरीक्षण कर सूखी नदी क्षेत्र में सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश एसडीएम को दिए। मंत्री ने कहा कि वन क्षेत्रों में शीघ्र सड़क निर्माण के लिए वन मंत्रालय भारत सरकार से सीधे समन्वय करते हुए स्वीकृति लेने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। काठगोदाम में कलसिया पुल एवं कलसिया गधेरे का मंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने नई बस्ती क्षेत्र में कलसिया नाले के किनारे सुरक्षा के लिए निर्माण कार्य करने और पुल के पास क्षतिग्रस्त दीवार की प्राथमिकता से मरम्मत करने, गायत्री नगर क्षेत्र में गधेरे की सफाई कर मलबा निकालने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन को भी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा नेता अनिल डब्बू, हेमंत द्विवेदी, निश्चल पांडे, चंद्र प्रकाश तिवारी, वीरेंद्र बिष्ट, प्रज्ञान भारद्वाज, हिमांशु बिष्ट, नरेश कनवाल, एसडीएम मनीष कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई तरुण बंसल आदि मौजूद रहे।