यूकेएसएससी की परीक्षाएं आज: हल्द्वानी में इंटरनेट सेवा बंद होने से एडमिट कार्ड नहीं निकाल पाए अभ्यर्थी, परेशान
यूकेएसएससी के तहत विभिन्न विभागीय पदों के लिए रविवार को परीक्षा होनी है। हल्द्वानी क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड नहीं निकल पाए। इसको लेकर कई अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
विस्तार
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तहत विभिन्न विभागीय पदों के लिए रविवार को परीक्षा होनी है। हल्द्वानी क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड नहीं निकल पाए। इसको लेकर कई अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
यूकेएसएससी के तहत पशुधन प्रसार अधिकारी, सहायक प्रशिक्षण अधिकारी, (रसायन शाखा), अधिदर्शक/प्रदर्शक (रेशम) और निरीक्षक (रेशम) के पदों के लिए रविवार को लिखित परीक्षा सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक चलेगी। हल्द्वानी के नौ परीक्षा केंद्रों में 4565 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। हल्द्वानी शहर के कई अभ्यर्थी इंटरनेट सेवा ना होने के कारण अपना एडमिट कार्ड नहीं निकाल पाए हैं। दिन भर अभ्यर्थी एडमिट कार्ड के लिए परेशान दिखे। कई लोगों ने 30 किलोमीटर दूर रुद्रपुर जाकर अपने एडमिट कार्ड निकाले।
ये पढ़ें- हल्द्वानी हिंसा: पुलिस ने महिलाओं को घर में घुसकर पीटा, इस महिला ने लगाया आरोप, एसएसपी बोले- जांच कराएंगे
अभ्यर्थी मनोज कुमार ने बताया कि इंटरनेट सेवा ना होने से एडमिट कार्ड नहीं निकल पाए हैं। ऐसे में परीक्षा कैसे देगें इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अभ्यर्थी दिनेश सिंह ने बताया कि एडमिट कार्ड निकालने के लिए रुद्रपुर गया था। वहां से प्रवेश पत्र बनाकर लाया। गौरतलब है कि यूकेएसएससी की परीक्षा डॉन बास्को, गुरुकुल इंटर नेशनल, हिमालया विद्या मंदिर, खालसा नेशनल, गर्ल्स इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, क्वींस पब्लिक स्कूल, शिशु भारती विद्या मंदिर, श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी।
कर्फ्यू के दौरान अभ्यर्थियों को आवागमन की मिलेगी सुविधा
हल्द्वानी में कर्फ्यू व धारा 144 लागू होने की स्थिति में हल्द्वानी स्थित परीक्षा केंद्रों में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अपर जिला मजिस्ट्रेट फिंचा राम चौहान ने बताया कि अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाये जाने पर कर्फ्यू क्षेत्र में प्रवेश मिल सकेगा। अभ्यर्थी अपने साथ एक से ज्यादा सदस्य ना लाएं। किसी भी असुविधा के लिए एडीएम फिंचा राम चौहान के मोबाइल नंबर 9520581108 और 9411181108 पर संपर्क कर सकते हैं।