{"_id":"a116420c9987f6985e719632e5bc70c5","slug":"finance-minister-of-the-driver-and-his-wife-assault-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"वित्तमंत्री के ड्राइवर और उसकी पत्नी से मारपीट ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वित्तमंत्री के ड्राइवर और उसकी पत्नी से मारपीट
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
Updated Tue, 24 Feb 2015 02:25 AM IST
विज्ञापन
ओके होटल के सामने वित्तमंत्री इंदिरा हृदयेश के चालक और उसकी पत्नी के साथ एक युवक ने मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पीटकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। चालक का आरोप था कि उसकी पत्नी के हाथ से युवक सोने का कंगन छीनने की कोशिश कर रहा था। इधर, युवक का कहना है कि स्कूटी से गलती से धक्का लगने पर उसकी पिटाई कर दी गई। देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
विज्ञापन
आवास विकास कालोनी निवासी और वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश का ड्राइवर बलवंत सिंह सोमवार दोपहर को पत्नी गुरुदेव कौर के साथ ओके होटल के सामने खरीदारी कर रहा था। इसी बीच स्कूटी सवार युवक से महिला को धक्का लग गया। विरोध करने पर युवक ने महिला से गालीगलौज की। इससे मामला बढ़ गया और रोड पर ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। महिला का आरोप था कि युवक उसके हाथ से कंगन छीन रहा था। मौके पर जुटी भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। चालक युवक को पकड़कर कोतवाली ले गया।
विज्ञापन
पूछताछ में युवक ने अपना नाम कृष्णा लोहनी निवासी आवास विकास बताया। वह सेंचुरी पेपर मिल में काम करता है। पिटाई के दौरान उसकी टीशर्ट फट गई थी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर युवक को हिरासत में ले लिया। युवक का कहना था कि वह अपने नाना ख्याली दत्त पाठक का इलाज कराकर लौट रहा था। रास्ते में महिला को गलती से धक्का लग गया था। इधर, एसएसआई एनबी भट्ट ने बताया कि देर शाम को दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
विज्ञापन
