Uttarakhand: काठगोदाम में पिकअप-ट्रक की भिड़ंत, दो लोग घायल; नुमाइश में खड़े कई दोपहिया वाहन गिराए, अफरातफरी
रानीबाग के पास मंगलवार देर रात पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
नैनीताल रोड पर रानीबाग के पास मंगलवार देर रात पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप के परखचे उड़ गए और उसके टायर भी अलग हो गए। हादसे में पिकअप सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक देर रात में पहाड़ से हल्द्वानी की ओर आ रहा पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप के परखचे उड़ गए और दोनों अगले टायर उखड़कर दूर जा गिरे। हादसे में पिकअप में सवार हल्द्वानी निवासी समीर और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। बागेश्वर निवासी ट्रक चालक कुंदन सिंह टाकुली बाल-बाल बचे। एसएचओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में पहुंचाया। दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
नुमाइश के बाहर अराजक तत्वों ने 50 से अधिक दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त किया
एमबी इंटर काॅलेज के मैदान के बाहर मंगलवार की देर रात अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने नुमाइश देखने पहुंचे दर्शकों के 50 से अधिक दोपहिया वाहनों को जानबूझकर सड़क पर गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
बताया जाता है कि देर रात कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने वहां खड़ी की गई 50 से अधिक बाइक और स्कूटी को एक एक कर जमीन पर गिरा दिया। इससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वापस लौटने पर वाहन स्वामियों को वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी हुई। बुधवार को इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वाहन स्वामियों ने पुलिस से वीडियो के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी भी वाहन स्वामी ने घटना को लेकर कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।