डीएम ने दो अधिकारियों का वेतन रोका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिलाधिकारी दीपक रावत ने लक्ष्य से अधिक अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मामले को गंभीर मानते हुए अपात्रों को राशन कार्ड जारी करने पर धारी और ओखलकांडा ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बासुदेव बहुगुणा और केसी पंत का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मंगलवार को धारी तहसील में आयोजित तहसील दिवस में जनसमस्याएं सुन रहे थे।
तहसील दिवस के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति और लघु सिंचाई से संबंधित समस्याएं लगभग 200 से अधिक समस्याएं उठाईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। धारी निवासी चंपा देवी पत्नी स्व. भुवन चंद्र ने डीएम को बताया कि उनके पास पहले अंत्योदय राशन कार्ड था, जो अब रद्द कर प्रभावशाली लोगों को दे दिया गया है।
ग्रामीणों ने लक्ष्य से अधिक अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराने की शिकायत की। डीएम ने कहा कि अंत्योदय राशन कार्ड के लिए भारत सरकार से लक्ष्य निर्धारित है, उससे ज्यादा राशनकार्ड बनाना गंभीर मामला है। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह को निर्देश दिए कि वह जिले में ग्राम पंचायत अधिकारियों से बीपीएल कार्डों का सत्यापन कराएं और अपात्र व्यक्तियों को जारी किए गए कार्ड तत्काल निरस्त करें। डीएम ने कहा कि जिन लोगों ने अपनी आय और पहचान छुपाकर अंत्योदय अथवा बीपीएल कार्ड बनवाए हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने डीएम को बुरांसी-काफली, अघरिया-धानाचूली, पुटपुड़ी-तुषराड़, पदमपुरी-हैड़ाखान-काठगोदाम, स्यूड़ा-पटरानी, लूगड़-पाखीजाला, तल्ली दीनी रोड से जुड़ी समस्याएं बताईं।
जूहा अनरपा में 34 बच्चों पर एक और सलियाकोट में 80 बच्चों पर दो शिक्षक होने पर डीएम ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ओखलकांडा के जिला पंचायत सदस्य भुवन चंद्र कफल्टिया ने डीएम के समक्ष तुषराड़ गांव के लिए 15 साल से स्वीकृत सड़क के आज तक न बनने, कनिष्ठ प्रमुख डीकर सिंह मेवाड़ी ने बडौन टीमर चमोली सड़क निर्माण के बाद भी ग्रामीणों को मुआवजा न मिलने, ब्लाक प्रमुख आनंद आर्या ने सूनी बैंड से राइंका वारी तक सड़क बनाने, लदफोड़ा के पूर्व प्रधान पूरन गौतम ने गांव के पैदल मार्ग में पुलिया निर्माण के नाम पर दो लाख रुपये में एकमात्र पिलर बनाने, गौनियारों के प्रधान युगल किशोर ने पदमपुरी-बबियाड़ मोटर मार्ग में घटिया डामरीकरण की जांच कराने के मामले उठाए। तहसील दिवस में धारी की ब्लाक प्रमुख अंजू नयाल, जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट, एसडीएम राकेश तिवारी, जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी हिमाली जोशी पेटवाल, तहसीलदार नावजिस खलिक समेत तमाम अधिकारी थे।