Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Delimitation will change the geography of Uttarakhand Lok Sabha seats

उत्तराखंड लोकसभा सीट: कुमाऊं में दो से बढ़कर तीन या चार होंगी सीटें, पहाड़ और मैदान का संतुलन बड़ी चुनौती

Sat, 28 Nov 2026 01:10 PM IST
Heera गिरीश रंजन तिवारी
गिरीश रंजन तिवारी Published by: Heera Updated Sat, 28 Nov 2026 01:10 PM IST
सार

उत्तराखंड में लोकसभा परिसीमन से 5 सीटें बढ़कर 8 हो सकती हैं और कुमाऊं की 2 सीटें 3 होने की संभावना है। अभी इसका आधिकारिक खाका नहीं है।

विज्ञापन
Delimitation will change the geography of Uttarakhand Lok Sabha seats
सांकेतिक तस्वीर।

विस्तार

 

विज्ञापन

नैनीताल। उत्तराखंड में लोकसभा सीटों का परिसीमन केवल सीटों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे राज्य का राजनीतिक और भौगोलिक प्रतिनिधित्व भी बदल जाएगा। वर्तमान में राज्य की पांच लोकसभा सीटें हैं, जिनमें दो कुमाऊं और तीन गढ़वाल मंडल में हैं। हालांकि, कुमाऊं में कितनी सीटें बढ़ेंगी और उनके अंतर्गत कौन से जिले या विधानसभा क्षेत्र आएंगे, इसका अभी कोई आधिकारिक खाका उपलब्ध नहीं है। यह आबादी के आधार पर होने वाले संभावित विस्तार, परिसीमन आयोग के मानकों और पहाड़ी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को दिए जाने वाले महत्व पर निर्भर करेगा।

2026 के प्रस्ताव में केंद्र सरकार ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने के लिए संविधान (131वां संशोधन) विधेयक सहित तीन विधेयक पेश किए थे। प्रस्ताव में लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर लगभग 816 करने का 50 प्रतिशत वृद्धि वाला मॉडल शामिल था। इस आधार पर उत्तराखंड की पांच सीटें बढ़कर लगभग आठ हो सकती थीं। इस गणना से कुमाऊं की दो सीटें बढ़कर तीन होने की संभावना बनती है।

विज्ञापन

कुमाऊं में वर्तमान में अल्मोड़ा और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर दो संसदीय क्षेत्र हैं। इनके भौगोलिक विस्तार को देखते हुए परिसीमन के बाद तीन अलग-अलग तरह के क्षेत्रीय समीकरण उभर सकते हैं। इनमें पहाड़ी कुमाऊं यानी अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत के पर्वतीय क्षेत्रों को मिलाकर एक संसदीय क्षेत्र बनाए रखने की संभावना हो सकती है। नैनीताल क्षेत्र में नैनीताल, हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों को लेकर अलग संसदीय क्षेत्र बन सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

तराई क्षेत्र में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और आसपास के क्षेत्रों का संसदीय क्षेत्र बन सकता है। हांलांकि वास्तविक सीमाएं आबादी, प्रशासनिक सीमाओं, भौगोलिक परिस्थितियों से तय होंगी।

पहाड़ और मैदान का उचित प्रतिनिधित्व बड़ी चुनौती
उत्तराखंड में पहाड़ और मैदान के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। राज्य की आबादी का बड़ा हिस्सा मैदानी जिलों में केंद्रित है। हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जैसे जिलों में जनसंख्या का घनत्व अधिक है जबकि अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और पौड़ी जैसे पर्वतीय जिलों में आबादी अपेक्षाकृत कम है।

यदि लोकसभा क्षेत्र बनाने में केवल जनसंख्या को आधार बनाया जाता है तो मैदानी क्षेत्रों में अधिक सीटें बनने की गुंजाइश रहेगी। इसके विपरीत, पहाड़ी क्षेत्रों में भौगोलिक विस्तार, दुर्गम रास्ते, सीमावर्ती स्थिति और संचार सुविधाओं की कमी को भी महत्व देना होगा।

उत्तराखंड में विधानसभा परिसीमन के पिछले अनुभव में इस चुनौती को ध्यान में रखा गया था। वर्ष 2008 में परिसीमन आयोग ने नौ पर्वतीय और ग्रामीण जिलों में विधानसभा क्षेत्र निर्धारित करते समय राज्य के औसत से 10 प्रतिशत कम आबादी का मानक अपनाया था, जबकि चार मैदानी एवं शहरी जिलों में 10 प्रतिशत अधिक आबादी का मानक रखा गया था।

उत्तराखंड के सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों के सामने यह एक बड़ी चुनौती होगी। पिथौरागढ़ के धारचूला, मुनस्यारी, चंपावत के दूरस्थ इलाके, बागेश्वर के कपकोट तथा अल्मोड़ा के सल्ट जैसे क्षेत्रों की समस्याएं मैदानी क्षेत्रों से अलग हैं।

इन इलाकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पलायन, सीमांत सुरक्षा और रोजगार जैसे मसलों पर संसद में प्रभावी आवाज उठाने के लिए क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व जरूरी है। कम आबादी के कारण यदि पहाड़ी क्षेत्रों का भौगोलिक विस्तार बहुत बड़ा कर दिया गया तो एक सांसद के लिए दूरस्थ इलाकों तक नियमित पहुंच बनाना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए परिसीमन में केवल मतदाताओं की संख्या ही नहीं, बल्कि क्षेत्रफल, भौगोलिक दुर्गमता, संचार सुविधाओं और सीमावर्ती महत्व को भी ध्यान में रखने की जरुरत होगी।

कुमाऊं की सीटों पर होगा राजनीतिक असर
कुमाऊं की मौजूदा दोनों सीटों का स्वरूप भी बदल सकता है। अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में पर्वतीय जिलों का बड़ा हिस्सा शामिल है, जबकि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र में पहाड़ और मैदान दोनों आते हैं।

नई सीट बनने की स्थिति में तराई और पर्वतीय कुमाऊं के मतदाताओं को अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना बन सकती है। इससे क्षेत्रीय मुद्दों का स्वरूप भी बदल सकता है।

यहां सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि परिसीमन के बाद क्या पर्वतीय क्षेत्रों की अलग राजनीतिक और भौगोलिक पहचान सुरक्षित रहेगी या जनसंख्या के अनुपात में उनका प्रतिनिधित्व निर्धारित होगा।

राज्य के राजनीतिक संतुलन पर पड़ेगा असर
उत्तराखंड में वर्तमान में गढ़वाल की तीन और कुमाऊं की दो लोकसभा सीटें हैं। यदि सीटों की संख्या आठ होती है तो मौजूदा क्षेत्रीय अनुपात के आधार पर कुमाऊं में तीन और गढ़वाल में चार से पांच सीटों का संभावित समीकरण बन सकता है।

हालांकि, अंतिम संख्या केवल मंडलवार आबादी से तय नहीं होगी। संसदीय क्षेत्रों का निर्धारण पूरे राज्य की जनसंख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

दूसरी ओर, यदि मैदानी क्षेत्रों में जनसंख्या के आधार पर अधिक निर्वाचन क्षेत्र बनते हैं तो राज्य की राजनीति में उनका प्रभाव बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की जा सकती है। इस लिहाज से पहाड़ी जिलों के प्रतिनिधित्व का प्रश्न परिसीमन की बहस का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed