ऊधमसिंह नगर: तराई में बदला खूनी पैटर्न... सनक ले रही लोगों की जान, रिश्ते और दोस्ती का भी नहीं रहा लिहाज
ऊधमसिंह नगर में हत्या की वारदातों का पैटर्न बदल रहा है। जमीन और संपत्ति के विवाद के बजाय अब मामूली कहासुनी, नशे और पलभर के गुस्से में अपनों और दोस्तों का खून बहाया जा रहा है।
विस्तार
तराई में खूनी खेल का पैटर्न बदल रहा है। कभी जमीन के टुकड़े और संपत्ति के बंटवारे के लिए खून बहता था अब मामूली कहासुनी, नशे की तलब और पलभर का गुस्सा भी हत्या की वजह बन रहा है। रिश्तों की मर्यादा और दोस्ती की भी परवाह नहीं की जा रही है।
इस सान जनवरी से नवंबर के बीच ऊधमसिंह नगर जिले में सामने आए हत्याकांड इसकी भयावह तस्वीर बयां कर रहे हैं। इस दौरान हुए कुछ हत्याकांड में हत्यारोपी के तौर पर पिता, दोस्त और भाई के नाम सामने आए। 22 नवंबर को रुद्रपुर के इंदिरा कॉलोनी में पिता ने पुत्र की हत्या कर दी। 10 अक्तूबर को नानकमत्ता में रंजिश के चलते चचेरे भाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। नौ नवंबर को खटीमा में 600 रुपये के विवाद में दोस्त की हत्या कर गटर में फेंक दिया था। बीते 19 फरवरी को दिनेशपुर में पारिवारिक विवाद में बहू ने मायके पक्ष वालों के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी थी। इसमें आरोपी को दोस साल की बच्ची के साथ जेल जाना पड़ा था। इन घटनाओं में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि हत्या के पीछे हर बार कोई बड़ी वजह नहीं रही। छोटी-छोटी बातों पर हथियार निकालने और जान लेने तक पहुंचने की प्रवृत्ति सामने आ रही है। अपराध का यह बदलता चेहरा पुलिस ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए भी सोचनीय विषय है।
मनोविज्ञान क्या कहता है...
मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर डॉ. कमला भारद्वाज ने कहा कि युवाओं में आवेग पर नियंत्रण की कमी, लोगों में कम होती सहनशीलता और नशे का सेवन हिंसक व्यवहार की आशंका बढ़ा सकता है। रिश्तों के कत्ल और मामूली विवाद में हत्या के पीछे इंपल्स कंट्रोल डिसऑर्डर (आवेग पर नियंत्रण न रहना) बड़ा कारण है। ऐसे में व्यक्ति बिना परिणाम सोचे अपनों पर ही हमला कर देता है। समाज में घटती सहनशीलता और पारिवारिक संवाद की कमी के कारण मामूली रंजिश भी अब जानलेवा रूप ले रही है।
जिले में हर एक अपराधी की जगह जेल है और संगीन मामलों में बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व में जेल गए आरोपियों की संलिप्तता मिलने पर सख्ती से कार्रवाई की जाती है। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी
