{"_id":"9fe692d4d9de5a66aa045b9b60ca3550","slug":"driver-attack-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सवारी भरने को लेकर चालक पर हमला","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सवारी भरने को लेकर चालक पर हमला
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
Updated Mon, 30 Mar 2015 12:46 AM IST
विज्ञापन
मंगलपड़ाव स्टैंड पर रविवार सुबह सवारी भरने के विवाद में एक मैजिक वाहन के चालक ने दूसरे चालक के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मंगलपड़ाव चौकी पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया। आरोप है कि पकड़ा गया चालक बगैर नंबर लिए सवारी भर रहा था।
विज्ञापन
लालकुआं शास्त्रीनगर निवासी भरत सिंह (30) रविवार सुबह मैजिक वाहन लेकर मंगलपड़ाव स्टैंड पर लालकुआं के लिए सवारी भर रहा था। इस बीच पीछे से एक अन्य मैजिक चालक सवारी भरने लगा। भरत ने बिना नंबर लिए सवारी भरने का विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दूसरे चालक ने भरत के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। लहूलुहान होने पर भरत गिर पड़ा और बचाव के लिए शोर मचाने लगा।
विज्ञापन
हो-हल्ला सुनकर अन्य चालक भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमले के आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। चालकों ने घायल भरत को बेस अस्पताल में भर्ती कराया। भरत ने घटना के बाबत कोतवाली में तहरीर दी। चौकी प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। पुलिस ने हमले के आरोपी का मैजिक वाहन सीज कर दिया है।
विज्ञापन