रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने 14 अक्तूबर को विवाह समारोह से लौटते समय महिला के पर्स छीनने का खुलासा किया है। सीओ लोकजीत सिंह ने बताया कि मानसरोवर कॉलोनी पीरूमदारा निवासी विनीता रावत 14 अक्तूबर को पति सत्येंद्र रावत के साथ बैंक्वेट हॉल से घर लौट रही थी कि तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोगों ने विनीता को धक्का देकर उसका पर्स छीन लिया था। विनीता ने कोतवाली को तहरीर देकर बताया कि उसके पर्स में पांच हजार रुपये, एटीएम कार्ड, पैनकार्ड, चेकबुक थी। इसी आधार पर पुलिस ने 18 अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की। पुलिस टीम ने शनिवार रात मधुबन कॉलोनी पीरूमदारा के पास दो संदिग्धों को दबोच लिया। इनके नाम कठिया पुल नंबर दो निवासी शानू खान और उदयपुरी चोपड़ा निवासी मो. जुबैर हैं। तलाशी लेने पर इनके पास 4800 रुपये समेत पर्स में रखा सामान भी मिला। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम में कोतवाल रवि कुमार सैनी, एसएसआई कश्मीर सिंह, एसआई विपिन जोशी, सत्येंद्र गंगोला, सुनील सैनी, राजेश कुमार, रियाज अख्तर शामिल थे।