पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक की ग्रामसभा डालकन्या में गौपाखा से डेफ्टा तक लोक निर्माण विभाग की देखरेख में ठेकेदार की ओर से पांच किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कार्य किया जा रहा है। रविवार की दोपहर रोड कटान के दौरान एक भारी भरकम बोल्डर एक घर पर गिर गया। इससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रधान सुनीता देवी और बीडीसी सदस्य ललित भट्ट ने बताया कि घटना की जानकारी राजस्व उपनिरीक्षक हेमंत वर्मा को दे दी है। बोल्डर चुड़ामणि परगांई और रेवाधर परगांई के घर पर गिरा। हादसे के दौरान घर के सदस्य किसी कार्यक्रम में गए हुए थे। बोल्डर गिरने से घर की छत और दीवार टूट गई है।
उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता केएन कांडपाल ने बताया कि घटना के बारे में ठेकेदार और मुंशी को बताया गया है। ठेकेदार योगेश मेहता ने जल्द मकान ठीक कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीण आनंद परगांई, उमेश भट्ट, रमेश पनेरु, माधवी देवी, गिरीश, योगेश, केशव भट्ट आदि ने पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है।