फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Bhimtal Bus Accident near Amdali fell into a deep ditch Death many people injured Uttarakhand News in hindi

Bhimtal Bus Accident: कार को बचाने के चक्कर में खाई में गिरी बस, 27 लोग थे सवार, एक बच्चे समेत चार की मौत

Wed, 25 Dec 2024 06:42 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, भीमताल (नैनीताल)
संवाद न्यूज एजेंसी, भीमताल (नैनीताल) Published by: रेनू सकलानी Updated Wed, 25 Dec 2024 06:42 PM IST
सार

Bhimtal Bus Accident: अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कुछ गंभीर घायल हैं। 

विज्ञापन
Bhimtal Bus Accident near Amdali fell into a deep ditch Death many people injured Uttarakhand News in hindi
भीमताल बस दुर्घटना - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जाती रोडवेज बस बुधवार दोपहर यहां आमडाली के पास एक कार को बचाते वक्त पैरापिट तोड़कर 150 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक-परिचालक समेत 23 यात्री घायल हुए, इनमें से 21 की हालत गंभीर है। मृतकों में धारचूला के दंपती और एक बच्चा शामिल है।

विज्ञापन


भीमताल सीएचसी घटनास्थल से महज एक किमी दूर होने के बावजूद कोई इंतजाम नहीं किया जा सका। लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को सड़क तक पहुंचाया। फिर प्राइवेट एबुंलेंस से ही भीमताल सीएचसी तक पहुंचाया। इसके बाद ही सरकारी अमला सक्रिय हुआ। एसडीआरएफ टीम भी बाद में ही पहुंची। एएसपी जगदीश चंद्रा, सीडीओ अशोक कुमार पांडे, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, आरटीओ गुरुदेव सिंह, एसडीएम केएन गोस्वामी आदि पहले मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद सभी 21 घायलों को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया।वहां प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी पहुंचकर घायलों का हाल जाना। गंभीर घायलों को हेली सेवा के जरिये ऋषिकेश के एम्स ले जाने पर भी विचार चल रहा है। जान गंवाने वाले बच्चे के माता-पिता भी घायलों में शामिल हैं।
विज्ञापन


इनकी गई जान
1. खड़क सिंह (55) पुत्र जय सिंह निवासी खेला धारचूला
2. गंगा धामी (48) पत्नी खड़क सिंह निवासी खेला धारचूला
3. सुरेंद्र सिंह धर्मसत्तू (58) पुत्र ललित सिंह धर्मसत्तू निवासी ग्राम टिमटिया तेजम पिथौरागढ़
4. दक्ष पंत (6) पुत्र विनोद पंत निवासी ग्राम सिमाइल बेड़ीनाग हाल निवासी पिथौरागढ़ शामिल है

हादसे में घायलों के नाम
1- रोहित सिंह (38) पुत्र हरक सिंह
2- मनीषा पत्नी रोहित बिष्ट,
3- अभिषेक बिष्ट पुत्र रोहित बिष्ट
4- लक्की मेहरा (25) पुत्र ठाकुर सिंह
5- ठाकुर सिंह (50) निवासी मुनस्यारी
6- निधि गोस्वामी ( 23) पुत्री देवगिरी गोस्वामी पिथौरागढ़
7- अंकित मेहरा (23) पुत्र दीवान सिंह पिथौरागढ़
8- सुमन भट्ट (21) पुत्री जगदीश चंद्र पिथौरागढ़
9- वंशिका टम्टा (20) पुत्री चंदन टम्टा हल्द्वानी
10- हर्षिता (21) पुत्री भोपाल पिथौरागढ़
11- कल्पना रावत (22) पुत्री शेखर सिंह पिथौरागढ़
12- भूमिका पुत्री दिनेश हल्द्वानी
13- यशपाल सिंह (43) पुत्र उम्मेद सिंह पिथौरागढ
14- गिरीश दानी (45) पुत्र केशव दत्त
15- ईश्वर सिंह (53) पुत्र उम्मेद सिंह पिथौरागढ़
16- अक्षिता गिरी (22) पुत्री हरीश गिरी हल्द्वानी
17- नेहा (24) पुत्री सुखवीर सिंह अल्मोड़ा
18- रमेश चंद्र पांडे, बस चालक
19- गीतांजलि पांडे पुत्री भुवन चंद्र
20- रिया
21 - कोमल आर्य पुत्री हरीश चंद्र शामिल थे।

क्वारब में दिक्कत की वजह से खुटानी होते आ रही थी बस
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी को आ रही रोडवेज बस को शाम को दिल्ली जाना था। आमतौर पर बस रोजाना भवाली-अल्मोड़ा हाईवे होते हुए भवाली-ज्योलीकोट से हल्द्वानी पहुंचती है। लेकिन बुधवार को क्वारब के पास मलबा गिरने से भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से बस धानाचूली-खुटानी होते हुए आ रही थी। तभी भीमताल के आमडाली के पास हादसा हो गया। बस में सवार घायलों ने कहा कि काश क्वारब में भारी वाहनों की आवाजाही बंद नहीं होती तो बस भीमताल होते हुए हल्द्वानी नहीं जाती और सड़क हादसा नहीं होता।
विज्ञापन
विज्ञापन


घायलों को अस्पताल तक लाने में लगे दो घंटे
150 फुट खाई में गिरने से बस में सवार यात्रियों की चीखपुकार मच गई। बस के गिरते ही स्थानीय लोग और भीमताल पुलिस ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। गहरी खाई होने के चलते रस्सी भी छोटी पड़ गई। साथ ही स्ट्रेचर नहीं मिल पाने से मरीज एक घंटे तक खाई में ही पड़े रहे। बाद में रस्सी, मफलर, शाल में बांधकर कड़ी मशक्कत से 21 घायलों को दो घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

एसडीआरएफ की खली कमी
घटना स्थल पर बस के गिरते ही भीमताल के स्थानीय लोगों के साथ थानाध्यक्ष पुलिस कर्मियों के साथ तो पहुंचे। लेकिन एसडीआरएफ की टीम के नहीं पहुंच पाने से रेस्क्यू अभियान समय से नहीं चल पाया। इसके चलते स्थानीय लोगों के साथ पुलिस नहीं सीमित संसाधनों से ही रेस्क्यू अभियान चलाकर खड़ी चढ़ाई पार करके घायलों को सड़क पर पहुंचाया।

बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे यात्री
बस के खाई में गिरने के बाद बस की छत के अलग होने से यात्री बस से छटक गए। इसके चलते घनी झाड़ियों में यात्री बचाओ-बचाओ कहते हुए चिल्लाते रहे। यात्रियों को बुरी तरह घायल देख स्थानीय लोग भी भावुक हो गए। बस में सवार यात्रियों के बैग, सामान और जूते चप्पल जगह-जगह पड़े हुए नजर आए।

बस पिथौरागढ़ से हल्द्वानी को आ रही थी। भीमताल में एक कार को बचाने के प्रयास में बस गहरी खाई में जा गिरी। बस में 21 लोग घायल हुए हैं और चार की मौत हुई है। -आरके आर्या, एजीएम, काठगोदाम डिपो

2- प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है की एक कार को बचाने के प्रयास में बस खाई में जा गिरी । विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। -गुरुदेव सिंह, आरटीओ

मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख और गंभीर घायलों को तीन-तीन लाख देने की सीएम ने की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल के आमडाली क्षेत्र में हुई रोडवेज बस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को तीन-तीन लाख और मामूली रूप से घायलों को 15 से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री धामी के मुताबिक हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से पांच लाख, सड़क सुरक्षा निधि से दो लाख और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को तीन लाख एवं मामूली रूप से घायलों को 15 से 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। सीएम ने कहा कि सरकार के स्तर से हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने के भी निर्देश दिए हैं।

सीएम ने स्थानीय लोगों के प्रयासों को सराहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल बस हादसे के बाद स्थानीय लोगों की ओर से चलाए गए रेस्क्यू अभियान और पुलिस-प्रशासन को दिए सहयोग की सराहना की है। सीएम धामी ने एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट किया कि भीमताल में हुई सड़क दुर्घटना के मुश्किल समय में पुलिस और एसडीआरएफ की मदद के लिए स्थानीय नागरिकों का साथ आना यह दर्शाता है कि मुसीबत के समय में प्रदेश के लोग एक-दूसरे की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। सीएम ने लिखा है कि आप सभी स्थानीय लोगों का हृदय से आभार। आप सभी की सहायता से समय पर सभी यात्रियों काे रेस्क्यू किया जा सका।

घायलों को पहुंचाने के लिए पुलिस ने भीमताल से एसटीएच तक बनाया स्पेशल कॉरिडोर
भीमताल सड़क हादसे के बाद खाई से घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में पुलिस ने सबसे अहम जिम्मेदारी निभाई। भीमताल से सुशीला तिवारी अस्पताल तक घायलों को लाने के लिए पुलिस ने स्पेशल कॉरिडोर बनाया। पूरी फोर्स को सड़क और घटनास्थल पर मुस्तैद कर दिया गया और 30 मिनट में भीमताल से एंबुलेंस घायलों को लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंच गईं।

बुधवार दोपहर जैसे ही पुलिस को भीमताल के पास रोडवेज बस के खाई में गिरने की सूचना मिली तो एसएसपी पीएन मीणा ने तुरंत भीमताल, भवाली, काठगोदाम और बनभूलपुरा थाने की पुलिस को घटनास्थल पर भेज दिया। एसडीआरएफ के जवानों को भी मौके पर भेजा गया। हल्द्वानी से 12 एंबुलेंस में एक-एक सिपाही को बैठाकर भीमताल रवाना किया गया। सभी थाने-चौकियोें की फोर्स को सड़क पर उतार दिया गया। भीमताल से लेकर काठगोदाम तक स्पेशल कॉरिडोर बनाया गया। सभी गलियों में पुलिस तैनात की गई। सड़क को खाली कराया गया। ठीक 30 मिनट में भीमताल से घायलों को हल्द्वानी पहुंचा दिया।


पुलिस के कई अधिकारी एसटीएच पहुंचे
घटना के बाद मेडिकल चौकी इंचार्ज प्रवीन तेवतिया, कोतवाल राजेश यादव, एसएसआई महेंद्र प्रसाद सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रोड किनारे जमा तमाशबीनों को हटाया। साथ ही एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया।

कब क्या हुआ-
दोपहर बाद 3 बजे पुलिस पहुंची।
दोपहर बाद 3:14 बजे पहली एंबुलेंस घायल महिला को लेकर पहुंची।

- 3:15 बजे सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और तहसीलदार सचिन कुमार मौके पर पहुंचे।
- 3:25 बजे दूसरी एंबुलेंस पहुंची।

- 3:34 बजे तीसरी एंबुलेंस पहुंची।
- 3:38 बजे चौथी एंबुलेंस पहुंची। आखिरी 15वीं एंबुलेंस शाम चार बजे पहुंची।

- 3:50 में एसडीएम परितोष वर्मा पहुंचे।
- शाम 4 बजे नैनीताल जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या एसटीएच पहुंचीं।
- 4:13 बजे कुमाऊं कमिश्नर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed