Panchayat Chunav: नैनीताल जिले के 4 विकासखंडों के प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद, 31 जुलाई को रिजल्ट
सोमवार को नैनीताल जिले के चार ब्लॉकों में 76.07 फीसदी मतदान हुआ। पूर्वानुमान के चलते लोग छाता लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और बैलेट एक्सप्रेस बादलों से तेज दौड़ी। दूसरे चरण में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके संपन्न हुई।
विस्तार
बारिश की चेतावनी के बीच सोमवार को जिले के चार ब्लॉकों में 76.07 फीसदी मतदान हुआ। पूर्वानुमान के चलते लोग छाता लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और बैलेट एक्सप्रेस बादलों से तेज दौड़ी। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में हल्द्वानी, भीमताल, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक में सोमवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके संपन्न हुई।
सुबह आठ बजे से सभी बूथों में वोटिंग का आगाज हुआ। दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गई। दोपहर में कुछ देर के लिए मतदान की गति धीमी हुई लेकिन तीन बजे बाद फिर से बूथों पर वोटरों की लाइन बढ़ने लगी।
पांच बजे बाद चुनाव ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों ने किसी भी मतदाता को लाइन में नहीं लगने दिया। निर्वाचन आयोग की ओर से देर शाम जारी आंकड़ों के मुताबिक हल्द्वानी में 73.16%, भीमताल में 81.10%, कोटाबाग में 79.35% और रामनगर ब्लॉक में 75.13 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान खत्म होते ही इन चार विकासखंडों के 1391 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में कैद हो गया।
दूसरे चरण में कहां कितना हुआ मतदान
ब्लॉक - भीमताल - हल्द्वानी - कोटाबाग - रामनगर
10 बजे - 13.83% 15.66% 14.00% 9.54%
12 बजे - 32.24% 32.36% 33.07% 30.50%
2 बजे - 51.53% 49.75% 52.57% 46.34%
4 बजे - 69.77% 63.62% 69.11% 65.45%
अंतिम - 81.10% 73.61% 79.35% 75.13%
जिले में 2442 दावेदार हैं मैदान में
त्रि-स्तरीय पंचायत के तहत सोमवार को दूसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ। इसके साथ ही भीमताल, हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग ब्लॉक के 1391 और धारी, बेतालघाट, रामगढ़ और ओखलकांडा ब्लॉक में 1051 प्रत्याशियों समेत कुल 2442 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में कैद हो गया है। 31 जुलाई को मतगणना के बाद प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। सोमवार को दूसरे चरण के लिए हुए चार ब्लॉकों में भी मतदान को लेकर मतदाताओं में जोश और उत्साह देखने को मिला। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाताओं की कतार मतदान केंद्रों में लगी रही।
चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का आकंड़ा
ब्लॉक - प्रधान - बीडीसी - जिपं - ग्राम सदस्य
भीमताल - 166 100 11 34
ओखलकांडा- 202 103 24 02
धारी - 109 62 14 04
रामगढ़ - 135 79 11 04
कोटाबाग - 167 81 14 30
रामनगर - 196 136 16 80
हल्द्वानी - 177 134 14 35
बेतालघाट - 164 103 22 13