कोटद्वार निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शिवेंद्र सिंह बिष्ट भले ही 61 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन उनमें अब भी युवाओं जैसा जज्बा है। इसी का नतीजा है कि उन्होंने हाल ही में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से ताऊ देवीलाल स्टेडियम चंडीगढ़ में आयोजित टफमैन 24 ऑवर स्टेडियम रन चैंपियनशिप में 12 घंटे की रेस में ओपन वर्ग में 24वीं रैंक हासिल की। इस दौरान उन्होंने 88.28 किमी. की दौड़ पूरी की। वह अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान पर रहे, वहीं अब वह ला अल्ट्रा लेह मैराथन की तैयारी में जुटे हुए हैं।
आशियाना अपार्टमेंट तड़ियाल चौक निवासी शिवेंद्र सिंह बिष्ट गत 12 मार्च को हुई इस प्रतियोगिता में शाम 4:00 बजे से 13 मार्च की सुबह 4:00 बजे तक लगातार दौड़े। कुल 66 प्रतिभागियों में शिवेंद्र बिष्ट अन्य प्रतिभागियों से उम्र में काफी बड़े थे। इसके बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन से देशभर में कोटद्वार और उत्तराखंड का मान बढ़ाया। इससे पूर्व भी वह देहरादून, नैनीताल, काठगोदाम, लखनऊ, दिल्ली, और कोटद्वार में आयोजित फुल और हॉफ मैराथन दौड़ में प्रतिभाग कर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने अभी तक कुल 18 हॉफ मैराथन, 1 फुल मैराथन और दो अल्ट्रा मैराथन में प्रतिभाग किया है। शिवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्तमान में उन्होंने 30 अप्रैल को लद्दाख में होने वाली दुनिया की सबसे कठिन में से एक ला अल्ट्रा लेह लद्दाख मैराथन के लिए अपना पंजीकरण कराया है और वह इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। शिवेंद्र राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र कोटद्वार में 18 वर्ष तक प्रशिक्षक के पद कार्यरत रहे। इसके पश्चात जून, 2021 में राजकीय खाद्य प्रशिक्षण केंद्र रामनगर से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद से ही उन्होंने मैराथन को अपना शौक बनाया हुआ है। उनका उद्देश्य दौड़कर खुद को स्वस्थ रखना और युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करना है।