हनुमंती-जुवा-भैड़गांव मोटर मार्ग पर लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को देहरादून में गढ़वाल सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की। गढ़वाल सांसद ने जिलाधिकारी को फोन कर तीन दिन में पुल निर्माण की डीपीआर उन्हें भिजवाने के लिए कहा। प्रतिनिधिमंडल को गढ़वाल सांसद की ओर से एक सप्ताह में पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने का भरोसा मिला है। उधर, पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का लंगूरगाड़ में धरना 24वें दिन भी जारी रहा।
पुल निर्माण की अगुवाई कर रही जुवा, भैड़गांव व बंगला गांवों की संयुक्त युवा समिति का एक प्रतिनिधिमंडल मनोज कंडवाल की अगुवाई में देहरादून में गढ़वाल सांसद पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत से मिला। कहा कि डेढ़ दशक पूर्व सड़क बनाने के बाद लोनिवि और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पुल निर्माण के लिए प्रयास तक नहीं किए। समिति के अध्यक्ष, समिति के सचिव विनोद सिंह, कोषाध्यक्ष मातबर सिंह और राजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि पूर्व सीएम गढ़वाल सांसद ने मामले में जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के दिशा निर्देश दिए। वहीं शनिवार को धरने पर बैठने वालों में भारत सिंह चौधरी, जितेंद्र सिंह बिष्ट, अनिल बिष्ट, मोहित सिंह, अजय बिष्ट, दिनेश चंद्र, अशोक सिंह, हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह, आशा देवी, इंदु देवी, लक्ष्मी देवी, सरोजनी देवी, सुलोचना देवी, मुन्नी देवी और भागा देवी आदि मौजूद थे।