उत्तराखंड में बारिश: ज्योतिर्मठ में घरों में घुसा पानी, श्रीनगर में सीवर चोक, कोटद्वार में जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में बारिश के बाद जलभराव और गंदे पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। श्रीनगर में सीवर का पानी अलकनंदा नदी में जा मिला, वहीं ज्योतिर्मठ में बारिश का पानी घरों और खेतों तक पहुंच गया। कोटद्वार में भी भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की सूचना है।
विस्तार
उत्तराखंड में बारिश के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में जलभराव और गंदे पानी की समस्या सामने आई है। ज्योतिर्मठ में देर रात हुई भारी बारिश के बाद नोग मोहल्ले में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। बारिश के पानी से खेतों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों ने इस स्थिति के लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया है।
घरों में पानी घुसने और खेतों को नुकसान पहुंचने से पीड़ित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं श्रीनगर गढ़वाल के अलकेश्वर घाट मार्ग पर शुक्रवार सुबह सीवर चैंबर चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। बड़ी मात्रा में सड़क पर फैला सीवर का पानी सीधे अलकनंदा नदी में जा मिला। इससे जहां राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हुई, वहीं नदी में प्रदूषण को लेकर भी चिंता बढ़ गई।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सीवर का पानी सड़क पर बहने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। राहगीर गंदे पानी से बचते हुए रास्ता पार करते नजर आए। सड़क पर सीवर का पानी फैलने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं, गंदे पानी के सीधे अलकनंदा नदी में मिलने से पर्यावरण और नदी की स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
ये भी पढ़ें...हेमकुंड साहिब: सीजन की तीसरी बर्फबारी, मौसम बदलने से रात में बदली पहाड़ों की तस्वीर, कल बंद होंगे कपाट
वहीं, कोटद्वार में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की सूचना है। बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।