वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति करने की एक सूत्री मांग को लेकर उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार करते हुए एआरटीओ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण एआरटीओ कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा। वहीं दूर दराज से काम कराने आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय नौडियाल और महामंत्री मनोज सिंह रावत ने कहा कि विगत वर्ष में मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के किसी भी पद पर पदोन्नितयां नहीं की गईं, जबकि संवर्ग के हर पद पर रिक्तियां बनी हैं। संगठन ने इस संबंध में परिवहन आयुक्त को ज्ञापन भेजा। पदाधिकारियों ने कहा कि संघ की ओर से 26 अगस्त से दो सितंबर तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में अजय नौडियाल, मनोज रावत, कुलदीप नेगी, मनीष पुरोहित, अनिल सिंह रावत, मो. अकरम, महेंद्र सिंह रावत और ध्रुव धामी आदि शामिल रहे।