उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ पौड़ी इकाई ने नौ सूत्री मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को भी काली पट्टी बांधकर तहसीलों में कार्य बहिष्कार किया। रजिस्ट्रार कानूनगो के कार्य बहिष्कार के कारण कोटद्वार, लैंसडौन, सतपुली, चौबट्टाखाल, धुमाकोट, जाखणीखाल, चाकीसैंण, रिखणीखाल तहसीलों में कामकाज प्रभावित रहा। खाता खतौनी में संशोधन समेत कई कार्यों को कराने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोटद्वार तहसील में उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ पौड़ी के जिला महामंत्री कमल किशोर शर्मा और प्रदीप डोभाल सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक कार्य बहिष्कार पर रहे। उन्होंने नायब तहसीलदार एवं सहायक भू-लेख अधिकारियों के पदों पर पदोन्नति का कोटा निर्धारित करने, रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों का पुनर्गठन करने आदि मांगें पूरा करने की मांग उठाई। जाखणीखाल तहसील में आरके अंकित वर्मा, लैंसडौन में दीपक वेदवाल, चौबट्टाखाल में राजपाल लिंगवाल, बीरोंखाल में कैलाश मंद्रवाल, चाकीसैंण में शैलेंद्र रावत, रिखणीखाल में देवकीनंदन नौटियाल, सतपुली में सुरेंद्र सिंह कार्य बहिष्कार पर रहे। संघ के पौड़ी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि 25 अक्तूबर को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जबकि 1 नवंबर से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू की जाएगी। रजिस्ट्रार कानूनगो की हड़ताल के कारण खाता खतौनी में संशोधन, सीएम हेल्पलाइन, पीएम किसान योजना, स्वामित्व योजना, कोविड-19, आपदा और जनगणना का कार्य समेत अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।