यमकेश्वर ब्लाक के डांडामंडल किमसार क्षेत्र के धारकोट गांव में एक युवक पर हमले के बाद से गांव में गुलदार की दहशत बनी है। लोग दिन ढलते ही बच्चों को घरों में कैद कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में जल्द से जल्द पिंजरा लगाने की मांग की।
धारकोट के प्रधान प्रहलाद सिंह ने बताया कि बुधवार को खेत में मवेशियों को चुगा रहे युवक अमित रावत (24) पर गुलदार के हमले के बाद से गांव में दहशत बनी है। गांव के आसपास के क्षेत्र अमोला, नालीखेत, गढ़ाकोट, काटल पुलानी, रामजीवाला, किमसार, दिबोगी, मरोड़ा समेत कई गांवों में गुलदार देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने लालढांग रेंज के डिप्टी रेंजर गेंदनलाल को ज्ञापन देकर गांव में पिंजरा लगाने की मांग की। कहा कि कई गांवों में रात को गुलदार घरों के आंगन तक धमक जा रहा है। रामजीवाला के प्रधान सुभाष शुक्ला ने बताया कि गुलदार कई पशुओं को मार चुका है। दिबोगी के प्रधान सत्यपाल सिंह, पूर्व प्रधान श्यामलाल कुकरेती, सुमित्रा देवी का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाना जरूरी है। लालढांग के डिप्टी रेंजर गेंदनलाल ने बताया कि क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त लगाई जा रही है। गुलदार की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की ओर से पिंजरा लगाने की मांग की गई है, जिसे प्रभागीय वनाधिकारी को भेज दिया गया है।