राजकीय बेस अस्पताल में कोविड-19 के अंतर्गत संविदा पर नियुक्त 33 कर्मचारियों ने उनकी सेवाएं समाप्त करने के विरोध में प्रदर्शन कर धरना किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से उनका कार्यकाल नियमित करने की मांग की। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
सोमवार को बेस अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। इस अवसर पर आयोजित सभा में कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें कोरोनाकाल में अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को संचालित करने के लिए रखा गया था। 30 सितंबर 2021 के शासनादेश में कोविड-19 के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों की संविदा अवधि को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया था, लेकिन अब उनके कार्य की अनदेखी करते हुए उनकी 31 मार्च को सेवा समाप्त की जा रही हैं। ऐसे में रोजगार और जीविका चलाने का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने बेस अस्पताल के पीएस, सीएमओ और जिलाधिकारी पौड़ी से उनका कार्यकाल जारी रखने की मांग की। इस अवसर पर हिमांशु लिंगवाल, राकेश रावत, नर्स रेखा, मोनिका, स्वाति, समीक्षा, कनिका, युद्धबीर सिंह, मनीश कुमार, सचिन भंडारी, वंदना, देवेश सारस्वत, सौरभ, जितेंद्र, सोमित, मुकेश रावत, मनोज सिंह, अनूप सिंह, मीनाक्षी देवी, ललिता, दिव्या रावत, साक्षी रावत, आयुष रावत, रजनी फरतियाल और प्रदीप रावत आदि मौजूद थे।