एसएसपी पी. रेणुका देवी के निर्देशन में शुक्रवार को सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश से अपराधों की रोकथाम व आपसी समन्वय स्थापित करने के लिए गढ़वाल पुलिस ने बिजनौर पुलिस के साथ बॉर्डर मीटिंग की। इस मौके पर अपराधियों पर निगरानी रखने और आपसी समन्वय बनाने पर सहमति बनी।
एक होटल में आयोजित बॉर्डर मीटिंग में दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों ने कई बिंदुओं पर चर्चा की, जिसमें अपराधियों पर निगरानी रखने, अपराध घटित होने पर आपसी समन्वय बनाने, बॉर्डर क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने, वांछित अपराधियों का ब्योरा साझा करने, अंतरराज्यीय चेक पोस्टों और संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखने, सघन वाहन चेकिंग चलाने, अवैध हथियारों की बरामदगी, चेक पोस्टों से निकलने वाले दुपहिया और चौपहिया वाहन सवारों पर नजर रखने, शराब समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम करने आदि पर फोकस रहा। बैठक में एएसपी मनीषा जोशी (कोटद्वार), एसपी सिटी संजय कुमार (ग्रामीण बिजनौर), सीओ अनिल कुमार जोशी (कोटद्वार), गजेंद्र पाल सिंह (नजीबाबाद), सीआईयू निरीक्षक मनोज कुमार असवाल, कोटद्वार के कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी सीआईयू विजय सिंह, थानाध्यक्ष कालागढ़ उमेश कुमार, एलआईयू निरीक्षक संजय कुमार, एसएसआई राजीव चौधरी (नजीबाबाद), जाफराबाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजीव मलिक आदि मौजूद रहे।