देशभर में केंद्र सरकार की ओर से स्वच्छता केे लिए अभियान चलाए जा रहे है, लेकिन कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। बृहस्पतिवार को भी माल गोदाम रोड पर दोपहर तक कूड़े का ढेर लगा रहता है। जिससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय दुकानदार और क्षेत्रीय नागरिक रमन अग्रवाल, विनोद देवरानी, योगेंद्र कुमार, सुनीता, अग्रवाल, जितेंद्र कुमार, सुशील सती, दीपक वर्मा, आशीष कुमार, विजेंद्र, दीपक वर्मा, सुखराम सिंह का कहना है कि माल गोदाम रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रोजाना कूड़े का अंबार लगा रहता है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की ओर से कूड़े को समय से उठाने में लापरवाही बरती जा रही है। रोजाना देर दोपहर तक सड़क पर जमा कूड़े पर लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जो कूड़े को सड़क पर फैला देते हैं। जिस कारण वहां दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने कहा कि इस संबंध में कई मर्तबा नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय दुकानदारों ने मेयर हेमलता नेगी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में समय से कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।