बीरोंखाल क्षेत्र में रसिया महादेव से मैठाणाघाट आ रही जीप ग्राम ग्वीन के पास अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर ले जाया गया। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में घायलों को समुचित उपचार न मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश रहा।
घायल वाहन चालक मोहन सिंह निवासी ग्राम कांडा व जसपाल नेगी ने बताया कि शुक्रवार रात को अचानक शार्ट सर्किट के कारण जीप की लाइट बंद हो गई, जिससे जीप अनियंत्रित होकर ग्राम ग्वीन के पास खाई में जा गिरी। वाहन गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और उन्हें खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल लेकर गए। अस्पताल में उन्हें कोई इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में मौजूद पूर्व प्रधान भरत सिंह, यशवंत सिंह व अन्य ग्रामीणों ने कहा कि घायल दर्द से कराहते रहे, लेकिन कोई उपचार नहीं मिल सका, जिसके कारण ग्रामीण निजी वाहनों से घायलों को घर ले गए और शनिवार सुबह हायर सेंटर ले गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब से बीरोंखाल अस्पताल पीपीपी मोड पर गया है, तभी से अस्पताल में अव्यवस्थाओं का बोलबाला बन गया है। अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। बीरोंखाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी शैलेंद्र रावत का कहना है कि इस घटना के संबंध में शिकायत मिली है। अस्पताल प्रबंधन से लिखित में घटना का जवाब तलब किया गया है।