भाबर क्षेत्र के कलालघाटी क्षेत्र के लोग आठ दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। लोगों ने कहा कि शिकायत के बाद भी विभाग समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है। लोगों को स्वयं के खर्चे पर टैंकर मंगाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। लोगों ने ट्यूबवेल जल्द ठीक कराकर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई।
भाबर क्षेत्र के उदयरामपुर में स्थापित ट्यूबवेल से उदयरामपुर के अलावा निकटवर्ती कई क्षेत्रों की सैकड़ों की आबादी के लिए पेयजल आपूर्ति की जाती है। गत आठ दिन पूर्व ट्यूबवेल की मोटर फुंक जाने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। जगदंबा प्रसाद उनियाल, सुनीता देवी, विनीता देवी, राजेंद्र प्रसाद, राजेश्वरी देवी, आकाश नेगी, आशुतोष कुमार का कहना है कि संबंधित विभाग ट्यूबवेल की उचित देखभाल नहीं करता है, जिसके कारण आए दिन ट्यूबवेल खराब हो जाता है। विभाग की ओर से ट्यूबवेल की समय से मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है, जिससे उन्हें स्वयं के संसाधनों से टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं। उधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने कहा कि ट्यूबवेल सिंचाई विभाग के नलकूप खंड का है, विभाग को ट्यूबवेल की शीघ्र मरम्मत कराने के लिए कहा गया था। बृहस्पतिवार तक नलकूप ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।