साहित्यिक संस्था साहित्यांचल की ओर से आयोजित समारोह में गोपेश्वर निवासी साहित्यकार डॉ योगेश धस्माना को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए चंद्र ज्योति सम्मान से सम्मानित किया गया।
रविवार को नजीबाबाद रोड स्थित चंद्र ज्योति कुंज में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि डॉ प्रेमलाल भट्ट ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ धस्माना बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। साहित्यकार के साथ ही वह एक अच्छे पत्रकार, शोधकर्ता और इतिहास वेता भी हैं। संस्था के संरक्षक डा. नंद किशोर ढौंडियाल ‘अरुण’ ने कहा कि पहाड़ की सामाजिक चेतना में कोटद्वार और साहित्यांचल संस्था की अहम भूमिका रही है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नवोदित राज्य को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाने की जरूरत है। डा. योगेश धस्माना ने कहा कि गढ़वाल के सामाजिक और राजनैतिक जागरण में कोटद्वार से प्रकाशित समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन समाचार पत्रों ने अच्छे साहित्यकार तैयार किए, जिन्होंने समाज में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इस मौके पर संस्था के संरक्षक वेद प्रकाश माहेश्वरी ‘शैवाल’ ने अपने माता-पिता की स्मृति में 19वां चंद्र ज्योति सम्मान डा. योगेश धस्माना को प्रदान किया। सम्मान स्वरूप उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट की गई। साहित्यांचल के अध्यक्ष शिवप्रकाश कुकरेती की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में डा. आरपी ध्यानी, चक्रधर शर्मा कमलेश, डा. चंद्रमोहन बड़थ्वाल, डा. पदमेश बुड़ाकोटी, डा.एनपी माहेश्वरी, विनोद कुकरेती, डा. ख्यात सिंह चौहान, विजय माहेश्वरी, डा. विनोद सामंत, प्रकाश कोठारी, सीपी नैथानी, सुधा सती, शोभा भंडारी, हरिचरण चतुर्वेदी, डा. रणवीर चौहान, ललन बुड़ाकोटी आदि मौजूद रहे।