कुंजबनेश्वर क्रीड़ा समिति फरसाडी की ओर से बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत शिव शक्ति स्टेडियम पंचराड में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता ध्रुव इलेवन बीरोंखाल ने जीत ली है। बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में ध्रुव इलेवन बीरोंखाल ने जसपुरखाल क्रिकेट क्लब थलीसैंण को 34 रनों से हराया।
बुधवार को फाइनल मुकाबला ध्रुव इलेवन बीरोंखाल और जसपुरखाल क्रिकेट क्लब थलीसैंण के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ध्रुव इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 212 रन बनाए। ध्रुव इलेवन की ओर से अजीत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 11 छक्के व 4 चौकों की मदद से 88 रनों की पारी खेली। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जसपुरखाल की टीम 18.1 ओवर में 178 पर ऑलआउट हो गई। जसपुरखाल की ओर से अभिषेक ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। ध्रुव इलेवन की ओर से सुभाष ने शानदार गेंदबाजी कर 4 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच ध्रुव इलेवन के अजीत और सुभाष को मिला। अमर रावत को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने टूर्नामेंट में 7 विकेट झटके और 175 रन बनाए। इस अवसर पर आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंगल दल पंचराड ने जीत दर्ज की। समापन पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पंचराड मुकेश रावत ने विजेता, उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर पंचराड की प्रधान कामना देवी, गडकोट के प्रधान धर्मेंद्र नौगाईं, फरसाडी के प्रधान सुरेंद्र रावत, कुणजोली की प्रधान नीलम देवी, विजय सिंह, मुकेश रावत, प्रेम सिंह, दिवाकर ढौंडियाल और अमित रावत आदि मौजूद रहे।