पार्षदों और नागरिकों ने भाबर क्षेत्र के अंतर्गत सिडकुल ग्रोथ सेंटर सिगड्डी में अवस्थित औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधकों और संचालकों पर कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन न करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने जनहित में औद्योगिक क्षेत्र को सील करने की मांग उठाई है। मांग को लेकर पार्षदों और नागरिकों ने डीएम को ज्ञापन प्रेषित किया है।
मंगलवार को वार्ड नंबर-31 मोटाढांक के पार्षद सौरव नौडियाल की अगुवाई में पार्षदों और नागरिकों ने तहसीलदार विकास अवस्थी के माध्यम से जिलाधिकारी डीएस गर्ब्याल को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा कि सिडकुल ग्रोथ सेंटर सिगड्डी में नगर के विभिन्न क्षेत्रों के करीब 1500 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में वर्तमान में दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बावजूद उन्हें क्वारंटीन नहीं किया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधक और संचालक कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों की जान जोखिम में डालकर उनसे लगातार कार्य ले रहे हैं। इससे कर्मचारियों के परिवारों के संक्रमित होने का खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में जनहित में कोरोना के संक्रमण को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र को सील करने की मांग की गई। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में पार्षद अनिल नेगी, विपिन डोबरियाल, मोहित कंडवाल, रजत मेहरा, राहुल जोशी आदि शामिल रहे।