{"_id":"67702c5d61586a097102300b","slug":"a-female-leopard-seen-with-three-children-in-uneri-and-nayeri-villages-of-rikhanikhal-panic-kotdwar-news-c-5-1-gkp1010-580977-2024-12-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotdwar News: रिखणीखाल के उनेरी और नयेड़ी गांव में तीन बच्चों के साथ दिखी मादा गुलदार, दहशत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotdwar News: रिखणीखाल के उनेरी और नयेड़ी गांव में तीन बच्चों के साथ दिखी मादा गुलदार, दहशत
विज्ञापन
विज्ञापन
कोटद्वार/सतपुली। रिखणीखाल ब्लॉक के गुठेर्ता, बामसू और उनेरी समेत आसपास के कई गांवों के गुलदार की दहशत बनी हुई है। शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे उनेरी ग्राम पंचायत के नयेड़ी गांव के रास्ते में लोगों को तीन बच्चों के साथ एक मादा गुलदार दिखी। जिससे क्षेत्र में दहशत बन गई। उधर, विकासखंड एकेश्वर के ग्राम मुसासू में बुधवार को युवती पर गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नयेड़ी गांव की सड़क पर शावकों समेत दौड़ रही मादा गुलदार का ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल किया है। हालांकि वन विभाग ने वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है। बताया कि दो दिन से हो रही बारिश में कहीं से भी गुलदार के मूवमेंट की कोई सूचना ग्रामीणों की ओर से नहीं मिली है।
उनेरी की प्रधान शोभा देवी और पूर्व प्रधान मानेंद्र सिंह ने बताया कि नयेड़ी गांव में एक साथ शावक समेत चार गुलदार की मूवमेंट ग्रामीणों ने देखी है। जिससे दहशत बनी हुई है। जिला पंचायत की निवर्तमान सदस्य शालिनी बलोधी ने बताया कि उनके क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों कंडिया, पीपलसारी, हिटोली, गुठेर्ता, चौकड़ी, उनेरी, कोटनाली, सिरवाणा, डाबरी, सिनाला समेत कई गांवों में गुलदार देखा जा रहा है। वन विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है। लोगों से सतर्कता से आवाजाही करने को कहा गया है।
विज्ञापन
रेंज अधिकारी नक्षत्र शाह ने बताया कि क्षेत्र में गश्त जारी है।
उधर, एकेश्वर के मुसासू गांव में युवती पर हमले के बाद से गुलदार दिखाई नहीं दिया। लेकिन ग्रामीणों में गुलदार का खौफ और आशंका बरकरार है कि कहीं गुलदार कहीं से हमला न कर दे। ग्राम सभा मुसासू के प्रशासक और युवती के पिता सतेंद्र सिंह ने बताया कि मुसासू निकटवर्ती चौंरा, बिडाला, भंडाली, बैंदुल, मटियालना आदि गांवों में गुलदार का भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने दमदेवल रेंज के अंतर्गत आने वाले इन गांवों में वनकर्मियों की गश्त लगवाने की गुहार जिलाधिकारी से लगाई है।
विज्ञापन