चिन्मय डिग्री कॉलेज में छात्र-छात्राओं से अतिरिक्त फीस वसूलने का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विरोध जताया है। प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ट्यूशन फीस के अलावा कोई अन्य शुल्क लिया तो आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार से मिले और ज्ञापन सौंपा। अभाविप के विभाग संगठन मंत्री राहुल सारस्वत ने कहा कि नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से केवल ट्यूशन फीस ली जाए। स्पोर्ट्स, कल्चरल, रीक्रिएशन, डेवलपमेंट, वेलफेयर फंड मैगजीन आदि अतिरिक्त फीस न ली जाए। छात्रसंघ अध्यक्ष अमन कुशवाहा ने कहा कि इस कोरोना संकट में छात्र छात्राओं के अभिभावकों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस सत्र में अतिरिक्त फीस माफी के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। इस मौके पर अभाविप प्रदेश सह मंत्री चर्चित बालियान, नगर आंदोलन प्रमुख शैलेश त्रिपाठी, नगर डिग्री कॉलेज प्रमुख संजीव त्यागी, अमित राय, सोशल मीडिया प्रमुख संचित चौहान, शिवम तोमर, रवि रावत, धर्मेश सिंह, नीलेश हर्ष आदि शामिल हुए।