भूपतवाला की खाटू श्याम गली में अब सीवर के पाइप में जियो लाइन भी निकल गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर कार्यदायी संस्था के खिलाफ विरोध प्रकट किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि भूमिगत योजनाओं से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही का खामियाजा भुगतान पड़ा।
भूपतवाला में हाल ही में सीवर लाइन में गैस पाइपलाइन डालने का मामला सामने आया था। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने अपनी गलती मानी और गैस पाइपलाइन को निकालने के लिए खुदाई शुरू कर दी। सोमवार को खुदाई के दौरान सीवर के पाइप में से जियो की लाइन भी निकल आई। इस पर स्थानीय लोग फिर भड़क गए। उन्होंने भाजयुमो उपाध्यक्ष और पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। विदित शर्मा ने आरोप लगाया कि जल्दबाजी के चक्कर में कार्यदायी संस्थाएं और ठेकेदार काम में लापरवाही बरत रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगताना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था जियो और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। वहीं कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रदर्शन करने वालों में सतीश यादव, संजय नारंग, जेपी मल्होत्रा, राजकुमार मल्होत्रा, सनी गिरी, सतनाम सिंह, अविनाश सिंह, विक्रम सिंह, सोमदत्त शर्मा, रामबीर आशुतोष, मिश्रा नितिन जैन, रणविजय सिंह, रितेश वशिष्ठ व रंजीत आदि मौजूद रहे।