कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन घोषित होने के बाद से लगातार गरीब असहायों की मदद में जुटे मां मनशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का चेक निरंजनी अखाड़े के परिसर में सौंपा।
इस दौरान श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि कोरोना महामारी से देश को बचाने के लिए निरंजनी अखाड़ा और उनसे जुड़ी सभी संस्थाएं कृत संकल्प है। कहा, कोरोना से निपटने के लिए दिन रात काम कर रहे यदि किसी चिकित्सक, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस व पत्रकारों की मौत होती है तो उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी समुदाय के धर्म गुरुओं से अपील की कि संकट की इस घड़ी में सभी को आगे आकर मदद करनी चाहिए। बताया कि कोष में दी गयी धनराशि में मां मनशा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से 25 लाख व श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की ओर से 26 लाख रुपये की सहयोग राशि का योगदान किया गया है। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने श्रीमहंत रविंद पुरी महाराज के योगदान की सराहना की। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए जल्द ही एक हजार क्विंटल राशन वितरित कराया जाएगा। इस अवसर पर श्रीमहंत लखन गिरी, श्रीमहंत डोंगर गिरी, श्रीमहंत राधे गिरी, श्रीमहंत नरेश गिरी, श्रीमहंत मुनेश भारती, एसएमएनजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा, मां मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी प्रदीप शर्मा, अनिल शर्मा, डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. सरस्वती पाठक, वैभव शर्मा, एमसी पांडे, अश्वनी जगता, डॉ. एनके गर्ग आदि ने भी श्री महंत रविंद्र पुरी का आभार व्यक्त किया।