स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने विधायक आदेश चौहान को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा। विधायक ने उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
शनिवार को विधायक आदेश चौहान को पार्षद सुनील पांडेय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ की हरिद्वार शाखा ने ज्ञापन सौंपा। प्रदेश महामंत्री दिनेश लखेड़ा और जिला अध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने ज्ञापन सौंपते हुए आशा जताई कि मुख्यमंत्री अग्रिम पंक्ति में कोविड ड्यूटी करने वाले कर्मियों को अपने स्तर से न्याय दिलाएंगे। दिनेश लखेड़ा ने कहा कि 23 सितंबर तक जनप्रतिनिधियों, विधायक व मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होेंने चेतावनी दी कि 24 सितंबर से अपनी ड्यूटी बिना अन्न ग्रहण करेंगे। ज्ञापन देने वालों में जिला मंत्री राकेश भंवर, जिला उपाध्यक्ष ममता, दीपक धवन, अवनीश व अरुण कुमार आदि थे।