ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर। कांगड़ी गांव में बुधवार देर रात हाथी ने चहलकदमी की। हाथी ने दो किसानों की फसलें उजाड़ दी। उसके तांडव से भयभीत ग्रामीण घरों में दुबके रहे।
बुधवार रात करीब 12 बजे के एक जंगली हाथी किसान गुडडू के गेहूं के खेत में घुस गया। उसे देखकर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने उसे भगाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। घंटेभर बाद कड़ी मशक्कत से हाथी को भगाया जा सका। करीब 2 बजे बबलू के खेत में घुस गया। टार्च की रोशनी में हाथी नजर आया तो पटाखे फोड़कर भगाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं भागा। वहीं, आबादी होने के कारण ग्रामीण घर के बाहर नहीं निकले। सुबह करीब 5 बजे तक हाथी गेहूं की फसल बर्बाद करता रहा। ग्रामीण बबलू पाल, सतपाल, नंदराम, गंगाधर, प्रमोद पाल, बेनी प्रसाद, गुड्डू आदि का कहना है कि हाथी ने पूरी रात उत्पात मचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी को भगाने के लिए वनकर्मियों को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा।